गुमला: झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो सोमवार को गुमला पहुंचे। यहां नगर भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन सह भव्य मिलन समारोह में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया तथा संगठन की मजबूती, जनसमस्याओं और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेताओं, वरिष्ठ समाजसेवियों और उनके सैकड़ों समर्थकों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
भरनो में हुआ भव्य स्वागत, पदयात्रा में उमड़ी लोगों की भीड़
सुदेश कुमार महतो के गुमला दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा पिछले कई दिनों से व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। गुमला जिले के भरनो पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं द्वारा 100 से अधिक बाइकों के साथ जुलूस निकाला गया।
गुमला आगमन के दौरान श्री महतो ने स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के साथ पदयात्रा की। इस दौरान लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इसके बाद वे नगर भवन पहुंचे, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य अभिनंदन किया गया।
खनिज संपदा और राज्य के भविष्य को लेकर सरकार पर साधा निशाना
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री सुदेश कुमार महतो ने राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जिस देश की 40 प्रतिशत खनिज संपदा के ऊपर हम सब राज्यवासी गर्व करते थे, जिसके आधार पर हमारे राज्य का संपूर्ण विकास होना था और गरीबी दूर होनी थी, राज्य की मौजूदा सरकार ने उसे बेचकर इस राज्य और राज्य के भविष्य को गर्त में पहुंचा दिया है। इसलिए हम सभी को एकजुट होकर इससे लड़ना है और एक मिसाल पेश करते हुए यह बताना बहुत जरूरी है कि इस राज्य की जल, जंगल और जमीन पर सिर्फ और सिर्फ यहां की जनता का अधिकार है।”
उन्होंने कहा कि झारखंड की प्राकृतिक संपदा राज्य के लोगों की समृद्धि और विकास का आधार बननी चाहिए। राज्य के संसाधनों का उपयोग आम जनता के हित में हो तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना जरूरी है।
लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि, जवाबदेही से नहीं बच सकती सरकार
राज्य के मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए श्री महतो ने कहा कि लोकतंत्र में जनता अपने प्रतिनिधियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपती है, न कि किसी परिवार को राजसत्ता सौंपने के लिए जनादेश देती है। उन्होंने झारखंड आंदोलन में दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के लिए संघर्ष किया और जनता की आवाज बने। हालांकि, उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के आधार पर यह मान लेना उचित नहीं है कि अगली पीढ़ी में भी स्वतः वही राजनीतिक चेतना और नेतृत्व क्षमता होगी।
श्री महतो ने आगे कहा, “हमारे समाज ने किसी को राजा बनाने के लिए नहीं, बल्कि इस लोकतंत्र का नेतृत्व करने के लिए भेजा है। यह जरूरी नहीं है कि उस घर के पुत्र का राज्याभिषेक कर दिया जाए, यह सोचते हुए कि परंपरागत रूप से उस पुत्र में कहीं न कहीं वही राजनीतिक चेतना होगी। आज इस प्रयोग यानी तीसरी बार शपथ दिलाने के बाद हर गांव के लोग सामने आकर कह रहे हैं कि यह प्रयोग फेल हो गया है। क्योंकि जो जनादेश उनको मिला, उसका कोई सीधा फल इस राज्य की जनता को नहीं मिल पाया।
राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “सत्ता पक्ष न ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है और न ही आगे का कोई रोडमैप बता रहा है। सात साल से सरकार है, लेकिन आप किसी भी मंत्री और अधिकारी से जाकर पूछेंगे तो उनके पास न कोई जवाब है, न ही रोडमैप। बस ऐसे ही बिना किसी जिम्मेदारी और जवाबदेही के सरकार चल रही है।”
जनता की समस्याओं का समाधान और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना पार्टी की प्राथमिकता
आजसू पार्टी की विचारधारा और प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए श्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि पार्टी हमेशा जनता के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रही है। पार्टी का उद्देश्य राज्य के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना और विकास की मुख्यधारा से वंचित लोगों को जोड़ना है।
उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी हमेशा ही जनता और जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रयासरत रही है। साथ ही पार्टी ने हमेशा मूलभूत सुविधाओं को राज्य के अंतिम छोर पर बैठे हर एक व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम किया है। कई ऐसे विकास कार्य हैं, जो हमने राज्य की जनता के हित के लिए किए भी हैं। आगे भी हम इसी विचारधारा पर कार्य करते हुए राज्य की जनता की सेवा करते रहेंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने, स्थानीय समस्याओं को समझने तथा संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सभी 12 प्रखंडों और 159 पंचायतों से शामिल हुए कार्यकर्ता, सैकड़ों लोगों ने ली सदस्यता
नगर भवन में आयोजित इस सम्मेलन में गुमला जिले के सभी 12 प्रखंडों और 159 पंचायतों से पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में श्री युवराज राम मनोहर नाथ शाहदेव एवं श्री गोवर्धन सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं, महिलाओं एवं समाजसेवियों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष श्री सुदेश कुमार महतो ने सभी नए सदस्यों को माला पहनाकर एवं पार्टी का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। इस व्यापक जुड़ाव को गुमला में पार्टी संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
श्री सुदेश कुमार महतो ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नए सदस्यों का पुष्पमाला और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। उन्होंने नए सदस्यों से पार्टी की विचारधारा के अनुरूप जनता के बीच रहकर काम करने और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
ये रहे उपस्थित
केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय महासचिव श्रीमती अंजू देवी, उमेश सिंह भोगता, केंद्रीय सचिव श्री गोपीनाथ सिंह एवं श्री मोहसिन खान, गुमला जिला अध्यक्ष श्री दिलीप नाथ साहू, आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा तथा युवा आजसू प्रभारी प्रताप सिंह सहित पार्टी के कई केंद्रीय एवं जिला पदाधिकारी और समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




