रांची: पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले से चोरी हुआ डालडा (पाम ऑयल) लदा ट्रक रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र स्थित ओपा गांव से बरामद किया गया है। मामले की जांच के सिलसिले में पश्चिम बंगाल पुलिस रांची पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी की। इस दौरान चंदन गुप्ता नामक युवक को हिरासत में लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, बरामद ट्रक में खाद्य तेल लदा हुआ थ।
आशंका जताई जा रही है कि चोरी के तेल को दीपावली और छठ के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी थी। त्योहारों के दौरान होटल, दुकानों और घरों में खाद्य तेल की मांग बढ़ने के कारण इसे विभिन्न इलाकों में भेजने की योजना बनाई गई थी। पश्चिम बंगाल पुलिस ने रांची पुलिस को बताया कि इस मामले में गिरोह के कुछ सदस्यों को बंगाल में गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ के दौरान रांची में गिरोह के सदस्यों की मौजूदगी और यहां चोरी का तेल भेजे जाने की जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर चान्हो थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया क्षेत्र में खाद्य तेल की चोरी का मामला सामने आया था
जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2026 में पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया क्षेत्र में खाद्य तेल की चोरी का मामला सामने आया था। इस संबंध में दुर्गाचक थाना में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हल्दिया से नेपाल भेजे जा रहे एक तेल टैंकर को रास्ते में कथित तौर पर हाईजैक कर लिया गया था। आरोप है कि टैंकर से करीब 5.5 मीट्रिक टन खाद्य तेल चोरी किया गया, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई।
बाद में तेल को डिब्बों में पैक कर ट्रकों के जरिए अलग-अलग इलाकों में भेजे जाने की जानकारी मिली। इसी मामले की जांच करते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस को रांची में चोरी के तेल की खेप पहुंचने का सुराग मिला। इसके बाद चान्हो पुलिस के सहयोग से ओपा गांव में छापेमारी कर ट्रक बरामद किया गया। फिलहाल हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ जारी है। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और चोरी के तेल की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।