रामगढ़ : सीएम हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन का दशकर्म शनिवार को रामगढ़ जिले के पैतृक गांव नेमरा में होगा। रविवार को संस्कार भोज का आयोजन किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। आम लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए नेमरा से करीब पांच किलोमीटर पहले लुकैयाटांड़ में तीन स्थल बनाए गए हैं। यहां से लोग टोटो और ऑटो के जरिए गांव पहुंच सकेंगे। इसके लिए 250 से 300 टोटो-ऑटो की व्यवस्था की गई है। मंत्री, विधायक और अन्य वीआईपी के वाहनों के लिए धुमकुड़िया और मोबाइल टावर के पास अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। आंगनबाड़ी केंद्र और हेलीपैड को भी घेर दिया गया है। हेलीपैड पर अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे।
Read More : दुर्गापूजा में ट्रेनों में बढ़ी भीड़, रांची से पटना-दिल्ली की ट्रेनों में लंबी वेटिंग
नेमरा को 13 सुपर जोन और 42 सब-जोन में बांटा गया
रूपी सोरेन के दशकर्म और संस्कार भोज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए नेमरा में 10 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को 13 सुपर जोन और 42 सब-जोन में बांटा है। प्रत्येक सुपर जोन की जिम्मेदारी एक आईपीएस अधिकारी को सौंपी गई है, जबकि सब-जोन की कमान डीएसपी स्तर के अधिकारियों के पास होगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए आईएएस और एसएएस अधिकारियों को दंडाधिकारी बनाया गया है। नेमरा में रविवार के संस्कार भोज से लेकर 19 अक्टूबर की सुबह तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। गांव में एटीएस की दो हिट टीमें, झारखंड जगुआर के पांच असाल्ट ग्रुप के 135 जवान और रैपिड एक्शन पुलिस की दो कंपनियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा 60 इंस्पेक्टर, 300 दारोगा और एएसआई, 1,365 लाठी बल के जवान तथा 140 ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस बीच छत्तीसगढ़ के जशपुर राजपरिवार के महाराजा रणविजय सिंह जूदेव, महारानी अमृता सिंह जूदेव, युवराज यश प्रताप जूदेव और राजकुमार आर्य प्रताप जूदेव ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की।
दुर्गापूजा को लेकर सभी 24 जिलों में सुरक्षा कड़ी
नेमरा में दशकर्म और संस्कार भोज के साथ राज्यभर में दुर्गापूजा को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। जैप, आईआरबी, एसआईआरबी और झारखंड जगुआर के जवानों को सभी 24 जिलों में तैनात किया गया है। रांची में सबसे अधिक 749 जवानों की तैनाती की गई है। संवेदनशील जिलों में बम निरोधक दस्तों और अश्रु गैस टीमों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है। नेमरा में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मोबाइल टावर के पास बैरिकेडिंग की गई है। संस्कार भोज में वीवीआईपी, वीआईपी और आम लोगों के पहुंचने के साथ दुर्गापूजा के पंडालों में भी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्थित रखने और लोगों की आवाजाही सुचारु बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
नेमरा में लोगों की समस्याएं भी सुन रहे सीएम
सीएम हेमंत सोरेन अपने पैतृक आवास नेमरा में पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ राजकाज का काम भी संभाल रहे हैं। वह घरेलू कार्यों और अनुष्ठानों से समय निकालकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। सीएम आवास से करीब 200 मीटर पहले लोगों के लिए एक बड़ा पंडाल बनाया गया है। सीएम यहां पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद कर रहे हैं और उनकी शिकायतें सुन रहे हैं। सिल्ली विधायक अमित महतो ने भी सीएम से मुलाकात की है। हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए। सीएम ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को भी कहा कि किसी नागरिक को निराश होकर वापस नहीं लौटना पड़े।




