रूस: रूस के सुदूर पूर्व में स्थित कामचटका प्रायद्वीप में शक्तिशाली भूकंप आया। इसकी तीव्रता यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के मुताबिक रिक्टर स्केल पर 7.0 मापी गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 140 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप का केंद्र रूस के विलुचिंस्क शहर से लगभग 123 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था। स्थानीय समय के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 3 बजकर 35 मिनट पर दर्ज की गई। वहीं, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने भूकंप की तीव्रता 6.9 बताई।
सुनामी का खतरा नहीं
भूकंप के बाद सुनामी की आशंका को लेकर भी जानकारी सामने आई। शुरुआती आकलन में सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। अमेरिका के राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने भी स्पष्ट किया कि इस भूकंप से सुनामी का खतरा नहीं है। फिलहाल, भूकंप से हुए संभावित नुकसान और जनहानि को लेकर कोई पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
जापान में गलती से जारी हुआ 9.9 तीव्रता का अलर्ट
इस घटनाक्रम के बीच जापान में भी भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 6.9 बताई गई। इसी दौरान जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने गलती से 9.9 तीव्रता के भूकंप की शुरुआती चेतावनी जारी कर दी। हालांकि, यह अलर्ट वास्तविक भूकंप की तीव्रता से मेल नहीं खाता था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भूकंप से हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल, संबंधित अधिकारी हालात पर नजर रख रहे हैं और नुकसान से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।




