रांची : रांची के पिंजरा पोल गौशाला स्थित ऐतिहासिक कल्पना लोक दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष 57वें दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन कर रही है। महोत्सव को लेकर समिति ने विशेष पोस्टर का विमोचन किया और रांचीवासियों को सपरिवार पूजा में शामिल होने का आमंत्रण दिया। समिति के सदस्यों के अनुसार, इस वर्ष पूजा पंडाल और मां दुर्गा का दरबार आकर्षक रूप में सजाया जा रहा है। इसके निर्माण और सजावट में समिति के सदस्य दिन-रात जुटे हैं। समिति के अनुसार कल यानी शुक्रवार को शाम 6 बजे पूजा पंडाल का उद्घाटन राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए पूजा महोत्सव की शुरुआत होगी।
Read More : राजस्व वसूली पर नगर आयुक्त सख्त, सरकारी भवनों का भी तय होगा होल्डिंग टैक्स
18 अक्टूबर को होगी भव्य महाआरती
महाअष्टमी, रविवार को शाम 7 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसमें सैकड़ों महिलाएं एक साथ शामिल होकर मां भगवती की आरती उतारेंगी। नवरात्र के दौरान नौ दिनों तक पूरे विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद यानी भोग का वितरण भी किया जाएगा। आयोजन समिति ने रांची की धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर 57वें दुर्गा पूजा महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।
समिति के कई सदस्य रहे उपस्थित
पोस्टर विमोचन के अवसर पर मुख्य संरक्षक दीपक बंका, अध्यक्ष शैलेन्द्र यादव, सचिव पवन मुरारका, मुख्य संयोजक सुमित सिंह, कोषाध्यक्ष समीर सागर और एकांश कुमार उपस्थित थे। इसके अलावा संरक्षक रोहित सिंह, मिनी सिंह, आलोक सिंह और विनय काबरा, उपाध्यक्ष दिवा शंकर ओझा और गौरव शर्मा, आशुतोष द्विवेदी, पंकज बंका, रवि कुमार सहित समिति के कई अन्य सदस्य भी मौजूद थे।




