रांची : हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में आश्विन अमावस्या के अवसर पर खाटूनरेश श्री श्याम प्रभु का विशेष महास्नान और दिव्य श्रृंगार विधि-विधान से किया गया। सुबह से ही मंदिर में नियमित दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के साथ अमावस्या दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। इस अवसर पर श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से 220वें श्री श्याम भंडारे का भी आयोजन किया गया। मंदिर के पट सुबह 5 बजे खुले। इसके बाद 5:30 बजे आचार्य ने मंगला आरती की। सुबह 6 बजे मंदिर के पर्दे लगाकर अमावस्या महास्नान की तैयारी शुरू की गई।
Read More : रांची में कांग्रेस का काला दिवस मार्च, केशव महतो कमलेश ने उठाए सवाल
मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा की उपस्थिति में मंदिर के आचार्य ने महास्नान अनुष्ठान संपन्न कराया। बाबा श्याम को शुद्ध जल, दूध, दही, घी और गंगाजल के मिश्रण से स्नान कराया गया। इसके बाद रूह और गुलाब से मालिश कर बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। नई पोशाक और बागा धारण करने के बाद बाबा श्याम का मनमोहक स्वरूप भक्तों के दर्शन के लिए सजाया गया। महास्नान और श्रृंगार पूरा होने पर मंदिर के पर्दे खुले तो श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन कर भावविभोर हो उठे। इसके बाद श्रृंगार आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।
मंडल के उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया और अशोक लड़ियां ने ‘जय जय जय खाटू के वासी’ भजन गाकर बाबा श्याम के समक्ष अर्जी लगाई। भजन से मंदिर परिसर और हरमू रोड भक्तिमय हो उठा। बलवंत लाल, सुमन कुमारी और नीलमणि देवी ने बाबा को नई पोशाक, बागा और पंचमेवा भोग अर्पित किया। श्रृंगार आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटा गया।
श्री श्याम मित्र मंडल ने आयोजित किया 220वां भंडारा
श्री श्याम मित्र मंडल, रांची की ओर से मंदिर परिसर में 220वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन किया गया। इस भंडारे की सेवा अंकुर कुमार और आशीष अग्रवाल के परिवार ने निवेदित की थी। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, यजमान अंकुर कुमार और आशीष अग्रवाल, उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां तथा वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा ने अपने इष्ट मित्रों के साथ बाबा श्याम के भोग के दौरान भजन गाया। ‘आओ आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी’ भजन से मंदिर परिसर गूंज उठा।
सबसे पहले बाबा को भंडारे का भोग लगाया गया। इसके बाद प्रसाद को महाप्रसाद में शामिल किया गया। यजमान परिवार के सदस्यों ने मंदिर के आचार्यों को भोजन प्रसादी ग्रहण कराई। मंडल की ओर से हर शनिवार भंडारे का भोग गौशाला में गौ माता के लिए भेजा जाता है। मंदिर के सदस्य और सहयोगी इसे गौशाला तक पहुंचाते हैं। शनिवार को भंडारे का प्रसाद बरियातू स्थित वृद्धाश्रम में भी भेजा गया।
मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी के निर्देशानुसार मंदिर में भंडारे का प्रसाद शुद्धता के साथ तैयार किया जाता है। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा और हरमू रोड पर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। खाटूनरेश के जयकारों के बीच भगवान गणेश की जय-जयकार के साथ प्रसाद वितरण शुरू हुआ। भंडारे में छोला-भटूरा, गाजर का अचार, रसगुल्ला, लीची जूस, खीर, चूरमा और आइसक्रीम का भोग लगाया गया।
श्याम मंदिर में शारदीय नवरात्र का अनुष्ठान भी
श्री श्याम मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां भगवती की पूजा और दुर्गा पाठ का आयोजन किया जा रहा है। आश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवमी तक श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ इस अनुष्ठान में शामिल होंगे। इस अनुष्ठान के मुख्य यजमान सौरभ चौधरी और उनकी धर्मपत्नी पल्लवी प्रिया होंगे। मंदिर के आचार्य प्रतिदिन सुबह और शाम दुर्गा पाठ करेंगे। इसके साथ ही आरती भी की जाएगी। मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने मां भगवती के सभी भक्तों से इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने का आग्रह किया है।
50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने दिया सहयोग
भंडारे के आयोजन में मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, राज्यसभा के पूर्व सांसद एवं मंडल के वरिष्ठ सदस्य अजय मारू, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़ियां, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा, रतन शर्मा, अनुज मोदी, अमित सरावगी, कमलेश सावा, मनोज माहेश्वरी, अंकित सिंह, हर्ष मिश्रा, मनोज खेतावत और उपेन्द्र पांडे सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग दिया। कार्यक्रम से जुड़ी सभी जानकारियां श्री श्याम मित्र मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दीं।




