रांची : शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए रांची नगर निगम ने प्रमुख सड़कों के किनारे लगे पेड़ों की छंटाई शुरू कर दी है। आज यानी शनिवार को नगर निगम ने नई स्काईलिफ्टर मशीन की मदद से मोरहाबादी, भारत माता चौक और कांके रोड समेत कई इलाकों में पेड़ों की शाखाओं को व्यवस्थित करने का काम कराया। इसके साथ ही उद्यानिकी कार्यों की नियमित निगरानी के लिए गार्डन अधीक्षकों के बीच वार्डवार जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गई हैं। नगर निगम का जोर पेड़ों की अनावश्यक, सूखी और बाधक शाखाओं को जरूरत के मुताबिक हटाने पर है। इससे पेड़ों की प्राकृतिक संरचना बनाए रखने के साथ सड़क किनारे हरित आवरण को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने में मदद मिलेगी।
Read More : रांची में DRDO तकनीक वाली 8 बाइक एम्बुलेंस, संजय सेठ ने किया लोकार्पण
इन इलाकों में हुई पेड़ों की छंटाई
नगर निगम ने शनिवार को शहर के चार प्रमुख स्थानों पर पेड़ों की छंटाई और उनकी कैनोपी को सुव्यवस्थित करने का काम कराया। इनमें मोरहाबादी फुटबॉल ग्राउंड के समीप, भारत माता चौक, प्रेमसंस के समीप और कांके रोड शामिल हैं। नई स्काईलिफ्टर मशीन की मदद से ऊंचाई पर स्थित शाखाओं तक पहुंचकर छंटाई की जा रही है। इससे पेड़ों की ऊपरी शाखाओं का रखरखाव करने और उनकी कैनोपी को संतुलित आकार देने में सुविधा होगी। नगर निगम के अनुसार, छंटाई के दौरान पेड़ों के स्वास्थ्य और उनकी प्राकृतिक संरचना का ध्यान रखा जा रहा है। जरूरत के अनुसार ही शाखाओं को हटाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि शहर की हरियाली सुरक्षित रहे और प्रमुख मार्गों की सुंदरता भी बढ़े।
गार्डन अधीक्षकों को सौंपी गई वार्डवार जिम्मेदारी
शहर में उद्यानिकी से जुड़े कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने और क्षेत्रवार जवाबदेही तय करने के लिए नगर निगम ने तीन गार्डन अधीक्षकों को अलग-अलग वार्डों का दायित्व सौंपा है।
1. अनुज, गार्डन अधीक्षक
- बड़ा तालाब क्षेत्र: वार्ड संख्या 16, 17, 18, 20, 21, 22, 23, 24, 27, 28 और 29।
- पिस्का क्षेत्र: वार्ड संख्या 01, 02, 30, 31, 32, 33, 34 और 35।
2. नितिका, गार्डन अधीक्षक
- धुर्वा क्षेत्र: वार्ड संख्या 49, 50, 51, 52 और 53।
- धुर्वा क्षेत्र: वार्ड संख्या 37, 38, 39, 40, 41, 42 और 43।
3. निवेदिता, गार्डन अधीक्षक
- कांके क्षेत्र: वार्ड संख्या 03, 04, 05, 06, 07, 08, 09, 10, 11, 12 और 19।
- डोरंडा क्षेत्र: वार्ड संख्या 13, 14, 15, 24, 25, 36, 43, 44, 45, 46, 47 और 48।
हरित क्षेत्रों के रखरखाव पर भी रहेगा जोर
वार्डवार जिम्मेदारी तय होने से पेड़ों की देखभाल, उद्यानों के रखरखाव, हरित क्षेत्रों के विकास और हॉर्टिकल्चर से जुड़े दूसरे कार्यों की नियमित निगरानी में मदद मिलेगी। इससे संबंधित क्षेत्रों में काम की योजना तैयार करने और उसके निष्पादन पर नजर रखने में भी सुविधा होगी। रांची नगर निगम का उद्देश्य केवल पेड़ों की छंटाई तक सीमित नहीं है। निगम सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और शहर के हरित क्षेत्रों के बेहतर रखरखाव पर भी ध्यान दे रहा है।
नगर निगम आने वाले दिनों में जरूरत और प्राथमिकता के आधार पर शहर के विभिन्न इलाकों में पेड़ों की छंटाई, कैनोपी का संतुलित आकार निर्धारित करने और उद्यानिकी से जुड़े अन्य कार्य कराएगा। इसका लक्ष्य प्राकृतिक हरियाली को संरक्षित रखते हुए शहर को अधिक व्यवस्थित बनाना और नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है।




