रांची : भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 मैच को लेकर रांची में क्रिकेट का पूरा माहौल बन गया है। शुक्रवार की सुबह से ही JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम के आसपास क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटने लगी। स्टेडियम के बाहर फुटपाथ पर लगी दुकानों में भारतीय टीम की नीली जर्सी और तिरंगे की खूब बिक्री हो रही है। उधर, मैच में कोई गड़बड़ी न हो और मुकाबला शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो, इसके लिए रांची पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। स्टेडियम के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान तैनात हैं। वहीं, मैच देखने पहुंच रहे दर्शकों में अपनी पसंदीदा टीम और खिलाड़ियों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
Read More : दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद, DMRC ने दी मंजूरी
वैभव सूर्यवंशी और श्रेयस अय्यर की जर्सी की मांग
मैच से पहले स्टेडियम के आसपास का इलाका क्रिकेट के रंग में रंगा नजर आ रहा है। सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों पर भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी, तिरंगे और क्रिकेट से जुड़ा सामान बिक रहा है। दर्शकों में युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की नंबर 03 वाली जर्सी और श्रेयस अय्यर की नंबर 96 वाली जर्सी को लेकर खास उत्साह दिख रहा है। मैच देखने आ रहे क्रिकेट प्रेमी अपनी पसंद के खिलाड़ियों की जर्सी खरीद रहे हैं।
बैग और हेलमेट रखने के लिए देने होंगे 50 रुपये
JSCA प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर बैग या हेलमेट रखने की कोई आधिकारिक व्यवस्था नहीं है। ऐसे में स्टेडियम के बाहर स्थानीय लोगों ने अस्थायी स्टॉल लगा दिए हैं। इन स्टॉलों पर बैग या हेलमेट रखने के लिए प्रति सामान 50 रुपये लिए जा रहे हैं। दर्शकों को सलाह है कि स्टेडियम पहुंचने से पहले प्रतिबंधित सामान के बारे में जानकारी रख लें, ताकि प्रवेश के समय परेशानी न हो।
JSCA प्रबंधन के नियम
JSCA प्रबंधन के मुताबिक, दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट दोपहर 3 बजे से खोले जा चुके है। मालूम हो कि अंदर जाने के लिए वैध टिकट होना जरूरी है। बच्चों और नवजात शिशुओं के लिए भी टिकट लेना अनिवार्य है। बिना टिकट किसी भी दर्शक को प्रवेश नहीं मिलेगा। स्टेडियम के अंदर पानी की बोतल, सिक्के, सिगरेट लाइटर, हेलमेट, बैग, डीएसएलआर कैमरा और खाने-पीने का सामान ले जाने पर रोक है। दर्शकों को अपने टिकट पर दर्ज निर्धारित विंग में ही रहना होगा। एक विंग से दूसरे विंग में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दर्शकों की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग और दिशा-सूचक बोर्ड
दर्शकों को अपनी सीट तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए एमएस धोनी पवेलियन, मीडिया बॉक्स और अलग-अलग विंग की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। जगह-जगह दिशा-सूचक बोर्ड भी लगाए गए हैं। इन इंतजामों का मकसद दर्शकों की आवाजाही को व्यवस्थित रखना और स्टेडियम के अंदर भीड़ को नियंत्रित करना है।
सुरक्षा में 518 पुलिस पदाधिकारी और 1,200 जवान तैनात
भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था दो चक्रों में बांटी गई है। कुल 518 पुलिस पदाधिकारियों और 1,200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। स्टेडियम के अंदर स्टैंड्स, पवेलियन और संवेदनशील गैलरी में 335 पुलिस पदाधिकारियों के साथ 850 जवान तैनात रहेंगे। इनकी जिम्मेदारी दर्शकों की गतिविधियों पर नजर रखने, भीड़ संभालने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की होगी। वहीं, स्टेडियम के बाहरी परिसर, पार्किंग स्थलों, जांच बैरिकेड्स और प्रमुख चौराहों पर 183 पुलिस पदाधिकारियों और 350 जवानों को तैनात किया गया है। महिला दर्शकों की सुरक्षा और तलाशी के लिए 400 महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
रेडिसन ब्लू से स्टेडियम तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कर रहे हैं। स्टेडियम के अंदर और बाहर प्रवेश जांच, भीड़ प्रबंधन और वीआईपी मूवमेंट पर खास नजर रखी जा रही है। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने बताया कि भारत-वेस्टइंडीज मैच को लेकर होटल रेडिसन ब्लू से JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारियों और जवानों को तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की कोशिश है कि मैच देखने आने वाले दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो और मुकाबला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। मैच के दौरान पुलिस और प्रशासन सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था और दर्शकों की सुविधा पर भी नजर रखेंगे। स्टेडियम में प्रवेश से लेकर अपनी सीट तक पहुंचने और मैच खत्म होने के बाद सुरक्षित बाहर निकलने तक सभी व्यवस्थाओं को संभालने की तैयारी की गई है।




