लातेहार: जिले में एक आदिवासी महिला के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद एसपी कुमार गौरव ने कार्रवाई की है। एसपी ने कार्रवाई करते हुए बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास और सिपाही मनीष राम को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया और विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं दूसरी तरफ बालूमाथ एसडीपीओ और महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक जांच कमेटी का गठन किया गया है।
आज CM ने दिया था जांच के आदेश
इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले पर खुद संज्ञान लेते हुए लातेहार पुलिस को तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि ऐसी स्थिति किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। इधर, लातेहार के एसपी कुमार गौरव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है।
सादे लिबास में पहुंचे पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप
सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, महिला बकरी चरा रही थीं, तभी बरियातू थाना प्रभारी और तीन अन्य पुरुष पुलिसकर्मी कथित तौर पर सादे लिबास में वहां पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने महिला के साथ मारपीट की और उन्हें अपने साथ थाने ले गए। पोस्ट में रास्ते में मारपीट करने, थाने में प्रताड़ित करने और जातिसूचक गालियां देने के भी आरोप लगाए गए हैं।




