रांची: कांके थाना पुलिस ने संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास छापेमारी कर 7.65 एमएम की देसी पिस्टल और जिंदा गोली के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो किशोरों को भी पकड़ा है। गिरफ्तार युवक की पहचान हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा (21) के रूप में हुई है। पुलिस के मीडिया को बताया कि सोमवार (5 अक्टूबर) को मनातु निवासी बबलू नायक ने लिखित आवेदन देकर बताया था कि हेमंत मुंडा और दो अन्य लड़कों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद कांके थाना में सन्हा दर्ज कर पुलिस छापेमारी कर रही थी।
संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास छापेमारी
पुलिस को बीती रात करीब 9 बजे सूचना मिली कि संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास कुछ संदिग्ध लोग खड़े हैं। सूचना के आधार पर कांके थाना पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा, पिता सरहुल मुंडा, निवासी होचर और दो किशोरों को पकड़ा। पुलिस ने हेमंत मुंडा के पास से एक 7.65 एमएम की देसी पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद की, जिस पर KF 7.65 अंकित है।
दो मोबाइल फोन भी बरामद
पुलिस ने हेमंत मुंडा के पास से एक रेडमी नोट प्रो स्मार्टफोन बरामद किया। वहीं, एक अन्य किशोर के पास से रियलमी 5 प्रो मोबाइल मिला। दोनों मोबाइल को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया। इस मामले में कांके थाना कांड संख्या 206/26, दिनांक बुधवार (7 अक्टूबर) को धारा 25(1-b)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
युवक न्यायिक अभिरक्षा में, किशोर बाल सुधार गृह भेजे जाएंगे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। वहीं, दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है।
जब्त सामान
- 7.65 एमएम की एक देसी पिस्टल
- 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली, जिस पर KF 7.65 अंकित है
- रेडमी नोट प्रो स्मार्टफोन
- रियलमी 5 प्रो स्मार्टफोन
छापेमारी दल में कांके थानेदार सह इंस्पेक्टर कुणाल कुमार, सब इंस्पेक्टर तंजील खान, अरविन्द कुमार, सतीश कुमार, ASI भीम सिंह और कांके थाना का सशस्त्र बल शामिल था।




