रांची: झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ, झारखंड के नेतृत्व में  को सदर अस्पताल, रांची में 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई । बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष  नीरज तिवारी ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री  सूरज साहू ने किया ।
बैठक में एक ओर रांची जिला संगठन को मजबूत एवं व्यवस्थित करने के लिए जिला पदाधिकारियों का चुनाव कराया गया, वहीं दूसरी ओर 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की लंबित मांगों एवं दिनांक 06 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले चरणबद्ध आंदोलन की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई ।
बैठक में कर्मचारियों ने सम्मान फाउंडेशन द्वारा कथित रूप से वेतन कटौती, वेतन भुगतान में देरी, एम्बुलेंस का समय पर मरम्मत नहीं करना, कर्मचारियों के वैधानिक अधिकारों की अनदेखी किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की । संघ ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं से संबंधित प्रमाण (दस्तावेज) के साथ पूर्व में भी स्वास्थ्य विभाग, झारखंड सरकार के समक्ष प्रस्तुत किए जा चुके हैं फिर भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं किया गया ।

स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन की समय-सीमा समाप्त, मांगें अब भी लंबित

संघ ने कहा कि 16 सितंबर 2026 को माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी जी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर 15–20 दिनों के भीतर विचार कर समाधान करने का आश्वासन दिया गया था । आश्वासन मिलने के कारण संघ ने अपना आंदोलन स्थगित किया था ।

लेकिन निर्धारित 15–20 दिनों की समय-सीमा पूरी हो जाने के बावजूद कर्मचारियों की मांगों पर कोई ठोस एवं निर्णायक समाधान नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों में निराशा एवं आक्रोश है ।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि कर्मचारियों ने सरकार के आश्वासन पर विश्वास करते हुए पर्याप्त समय दिया, लेकिन समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी कर्मचारियों की मांगें लंबित हैं । अब कर्मचारियों के सामने लोकतांत्रिक पूर्वक आंदोलन के माध्यम से अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है ।
संघ की प्रमुख मांगों में कर्मचारियों के लंबित वेतन का भुगतान, वेतन कटौती पर रोक, न्यूनतम वेतन, ओवरटाइम, EPF, ESIC सहित अन्य वैधानिक अधिकारों का अनुपालन तथा एम्बुलेंस वाहनों की नियमित एवं समय पर मरम्मत सुनिश्चित करना शामिल है।
संघ ने सरकार से अपील की है कि 06 अक्टूबर से आंदोलन शुरू होने से पूर्व कर्मचारियों की लंबित मांगों पर तत्काल ठोस निर्णय लिया जाए, ताकि 108 जैसी महत्वपूर्ण आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान हो सके ।
बैठक में रांची जिला संगठन के सुचारू संचालन एवं संगठन को मजबूत करने के लिए निम्न पदाधिकारियों का चुनाव किया  इसमें जिला अध्यक्ष सूरज साहू, कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र सिंह मुंडा, उपाध्यक्ष  महादेव तिर्की, एमडी इमरान अंसारी, श्रीमती जगरानी कुमारी, शिवम कुमार महतो, जिला सचिव श्रीमती सुनीता केरकेट्टा, उप सचिव  एमडी मुसर्रत हुसैन, कोषाध्यक्ष  मृत्युंजय कुमार, उप कोषाध्यक्ष  अखिलेश कुमार के अलावा  कार्यकारिणी सदस्य में  श्रीमती शिखा टोप्पो,  कपिल देव महतो,  अमित महतो,  मंजेश कुमार,  अमर महली,  सुरेंद्र नाथ महतो,  रणजीत कुमार, श्रीमती संतोषी कच्छप,  प्रयाग महतो एवं श्रीमती नीलम सुरिन।