लोहरदगा : लोहरदगा जिले में एक बार फिर राहुल सिंह गिरोह के नाम पर लेवी मांगने और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस बार अपराधियों ने शहर के हरमू रोड स्थित सीमेंट कारोबारी राजेंद्र वर्मा की दुकान को निशाना बनाया। मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पहले कारोबारी को व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजकर लेवी मांगी गई थी और नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। इसके बाद बीती रात बदमाशों ने दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से भाग निकले। गोली चलने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात की इनफार्मिमेशन मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने फायरिंग की घटना की पुष्टि की है। घटना के बाद शहर में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी भी तेज कर दी गई है।
Read More : तालाब में डूबने से बुजुर्ग की मौत, मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा
पहले धमकी, फिर दुकान पर फायरिंग
सीमेंट कारोबारी राजेंद्र वर्मा को दो दिन पहले व्हाट्सएप पर लेवी के लिए धमकी मिली थी। मैसेज में लेवी नहीं देने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। यह मैसेज कथित तौर पर राहुल सिंह गिरोह के नाम से भेजा गया था। धमकी मिलने के बाद राजेंद्र वर्मा ने सदर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसी बीच शुक्रवार रात अज्ञात अपराधियों ने हरमू रोड स्थित राजेंद्र वर्मा की सीमेंट दुकान पर फायरिंग कर दी। घटना की सूचना रात में ही पुलिस को मिली, जिसके बाद शहर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई। हालांकि, उस समय राजेंद्र वर्मा और उनके परिवार को दुकान पर हुई फायरिंग की जानकारी नहीं थी। शनिवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे राजेंद्र वर्मा ने शटर पर गोली चलने के निशान देखे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आसपास के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
एसपी ने कहा- जांच जारी
लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने मीडिया को बताया कि पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट की जाएगी। फिलहाल पुलिस फायरिंग और लेवी की धमकी के मामले में अपराधियों की पहचान करने के साथ ही घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।





