रांची : रांची नगर निगम को पर्यावरण-अनुकूल और ऊर्जा दक्ष बनाने की दिशा में नई पहल की गई है। निगम कार्यालय में जरेडा के माध्यम से 50 KVA क्षमता का हाइब्रिड सोलर पैनल सिस्टम बैटरी सहित स्थापित किया गया है। शुक्रवार को महापौर रोशनी खलखो ने इस सोलर सिस्टम का उद्घाटन किया। इस सिस्टम के जरिए रांची नगर निगम कार्यालय के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर और सेकंड फ्लोर का संपूर्ण विद्युत भार पूरा किया जाएगा। अन्य फ्लोर पर आवश्यकता के अनुसार विद्युत भार का वितरण किया गया है।
Read More : रांची में बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग यूनिट शुरू, महिलाओं को मिलेगा रोजगार
बिजली खपत और ऊर्जा व्यय में कमी का प्रयास
नगर निगम के अनुसार, सौर ऊर्जा स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा का महत्वपूर्ण स्रोत है। इसके इस्तेमाल से पारंपरिक विद्युत स्रोतों पर निर्भरता कम करने के साथ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। कार्यालय में स्थापित 50 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम बिजली की जरूरत को सौर ऊर्जा के माध्यम से पूरा करने में सहयोग करेगा। इससे बिजली की खपत और विद्युत व्यय में कमी लाने में मदद मिलने की बात नगर निगम ने कही है। सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से कार्बन उत्सर्जन कम करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार शहरी व्यवस्था को बढ़ावा देने में भी यह पहल सहायक होगी।
महापौर ने कहा- ऊर्जा संरक्षण हमारी जिम्मेदारी
उद्घाटन के मौके पर महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज की आवश्यकता ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि रांची नगर निगम द्वारा सौर ऊर्जा को अपनाना पर्यावरण संरक्षण के साथ ऊर्जा की बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में सार्थक कदम है। नगर निगम का प्रयास है कि उसकी कार्यप्रणाली में अधिक से अधिक ग्रीन और सस्टेनेबल प्रैक्टिसेज को शामिल किया जाए।
अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान उप महापौर नीरज कुमार, नगर आयुक्त सुशांत गौरव, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक सहित निगम के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।





