नई दिल्ली : दिल्ली के जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर आज यानी शुक्रवार को केंद्रीय दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए हैं और जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शन का आह्वान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), RJD सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण की ओर से किया गया है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।
Read More : PM मोदी ने फ्लाईदुबई पायलट स्मित मच्छार से फोन पर की बात
ड्रोन से निगरानी
जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की नजर है। अधिकारियों ने बताया था कि भीड़ की निगरानी और सुरक्षा स्थिति का आकलन करने के लिए जरूरत पड़ने पर ड्रोन का इस्तेमाल किया जा सकता है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ जंतर-मंतर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं। पुलिस ने संभावित भीड़ को देखते हुए केंद्रीय दिल्ली में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए हैं। जंतर-मंतर के साथ संसद मार्ग और आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। धारा 163 के तहत अनधिकृत सभा, सार्वजनिक भाषण, नारेबाजी, जुलूस, प्रदर्शन और धरना जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने लोगों से आदेशों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है।
11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 11 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद कर दिए हैं। इनमें राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, मंडी हाउस, INA, चावड़ी बाजार और नई दिल्ली समेत अन्य स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा चालू रहने की जानकारी दी गई है। केंद्रीय दिल्ली के प्रमुख इलाकों में यातायात पर भी पाबंदियां और डायवर्जन लागू किए गए हैं। जंतर-मंतर पहुंच रहे प्रदर्शनकारियों में AISA और SFI के कार्यकर्ता भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। AAP नेता सौरभ भारद्वाज और पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
मनोज झा ने उठाया विरोध के अधिकार का मुद्दा
जंतर-मंतर पर RJD सांसद मनोज झा ने कहा, “उन्हें शर्म आनी चाहिए। क्या विरोध प्रदर्शन के लिए इजाजत की जरूरत होती है? आखिरकार, यह गांधी का देश है। आज गांधी जयंती है।” यह पूछे जाने पर कि क्या वह प्रदर्शन में शामिल होंगे, मनोज झा ने कहा, “बिल्कुल!…” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी टिप्पणी की। हिरासत में लिए जाने से पहले सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वह अकेले जंतर-मंतर पहुंचे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके घर के बाहर करीब 30-40 पुलिसकर्मी तैनात हैं और अन्य नेताओं के घरों के बाहर भी भारी पुलिस बल मौजूद है। उन्होंने युवाओं से जंतर-मंतर पहुंचने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की।
इंटरनेट सेवा पर भी पाबंदी
जंतर-मंतर के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर भी रोक लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवा आधी रात तक निलंबित की गई।





