रांची : दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और सतर्कता बरतने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने आयोजकों और आम जनता के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने अपील की है कि सभी पूजा पंडालों में केवल वैध बिजली कनेक्शन का ही उपयोग किया जाए और विद्युत भार के अनुरूप एलओ आर्मर्ड केबल के साथ उचित तकनीकी मानकों के अनुसार एमसीबी, आइसोलेटर या मेन स्विच का इस्तेमाल किया जाए। किसी भी वायरिंग में कटे-फटे केबल का प्रयोग न करें और कनेक्शन हमेशा किसी प्रशिक्षित विद्युतज्ञ से ही कराएं।
Read More : CM हेमंत सोरेन ने अनुसेवक अंगद महतो को दी सेवानिवृत्ति पर विदाई
पंडाल निर्माण और सुरक्षा से जुड़े जरूरी नियम
पंडालों का निर्माण पास से गुजरने वाले बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी पर किया जाना चाहिए। पंडाल में लगे विद्युत केबल और उपकरणों को ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखें तथा उपकरणों की घेराबंदी कर उन्हें भीड़ से सुरक्षित दूरी पर स्थापित करें। कंट्रोल पैनल या स्विच पैनल के पास किसी प्रशिक्षित विद्युतज्ञ की निगरानी सुनिश्चित की जाए और पैनल का रास्ता सुगम व सुरक्षित हो। इसके अलावा, प्रयुक्त विद्युत उपकरणों के पास समुचित मात्रा में फायर एक्सटिंग्विशर और बालू भरी बाल्टी अवश्य रखी जानी चाहिए।
मूर्ति विसर्जन और आपातकालीन संपर्क नंबर
मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान बसों या अन्य बड़े वाहनों की छतों पर कोई व्यक्ति न बैठे और ऐसी कोई ऊंची सामग्री न रखी जाए जिससे जमीन से कुल ऊंचाई 4 मीटर यानी 13 फीट से अधिक हो। किसी भी व्यक्ति को बिजली के पोल, तार या अन्य उपकरणों को छूने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। किसी भी आपातकालीन स्थिति या शिकायत के लिए विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची के शिकायत निवारण केंद्र के दूरभाष नंबर 9431135682 और झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के जन समस्या निवारण केंद्रों के मोबाइल नंबर 9031110118, 9031110119 तथा 9031110120 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा विशेष परिस्थितियों में संबंधित अधिकारियों जैसे विद्युत अधीक्षण अभियंता (9431135662) और विभिन्न प्रमंडलों के कार्यपालक इंजीनियरों के नंबरों पर भी कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।





