रांची: झारखंड के करीब 40 हजार पारा शिक्षकों के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए आकलन परीक्षा आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, राज्यभर के पारा शिक्षक 25 सितंबर से आकलन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आकलन परीक्षा में सफल होने वाले पारा शिक्षकों के मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। आवेदन की प्रक्रिया 25 सितंबर से शुरू होगी और 15 अक्टूबर आवेदन की अंतिम तारीख निर्धारित की गई है।
JAC की वेबसाइट पर करना होगा आवेदन
पारा शिक्षक आकलन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन JAC की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in के माध्यम से कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से परीक्षा आयोजित की जाएगी।
किस वर्ग के लिए कितना आवेदन शुल्क
JAC के आदेश के अनुसार, सामान्य वर्ग के पारा शिक्षकों को आवेदन शुल्क के रूप में 750 रुपये का भुगतान करना होगा। वहीं एससी, एसटी, पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग पारा शिक्षकों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।
तीसरी बार होगी आकलन परीक्षा
गौरतलब है कि झारखंड में पारा शिक्षकों के लिए अब तक दो बार आकलन परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। इस बार विभाग की ओर से तीसरी बार आकलन परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा में सफल पारा शिक्षकों को मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।