रांची : दुर्गा पूजा 2026 को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 सितंबर 2026 को नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में शहर की पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में नवरात्र शुरू होने से लेकर पूजा, विजयादशमी और प्रतिमा विसर्जन तक की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। इसमें स्वच्छता, सड़क व संपर्क पथ, पथ प्रकाश, पेयजल, शौचालय, यातायात, पार्किंग, विसर्जन स्थल, फॉगिंग, डॉग कैचिंग और पेड़ों की छंटाई जैसे मुद्दे शामिल रहे।
Read More : रांची में अग्रसेन जयंती महोत्सव, 1600 स्कूली बच्चों ने लिया हिस्सा
पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने पिछले वर्षों में नगर निगम की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव और आवश्यकताओं से निगम को अवगत कराया।
पूजा समितियों ने रखीं सुविधाओं से जुड़ी मांगें
पूजा समितियों ने पंडाल परिसर, आसपास के इलाकों और संपर्क पथों की नियमित सफाई की मांग की। खराब पथ बत्तियों को दुरुस्त करने, विसर्जन स्थलों की विशेष सफाई और खतरनाक स्थानों को बांस-बल्लियों व रिबन से घेरने का सुझाव दिया गया। जरूरत के अनुसार स्टोन डस्ट उपलब्ध कराने, खुले नालों पर स्लैब लगाने, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, फॉगिंग और डॉग कैचिंग अभियान चलाने की मांग भी रखी गई। पूजा अवधि में मीट शॉप बंद रखने, श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क नगर बस सेवा, सुलभ शौचालय और पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके अलावा अस्थायी विश्राम गृह और प्रमुख क्षेत्रों में पेड़ों की डालियों की छंटाई पर भी जोर दिया गया। पूजा समितियों ने पंडाल परिसर और प्रमुख मार्गों पर पेयजल के लिए पानी के टैंकर तथा अलग-अलग क्षेत्रों में चलंत शौचालय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। शहर के ब्लैक स्पॉट्स का आकलन कर वहां विशेष प्रकाश व्यवस्था करने का सुझाव भी दिया गया।
पूजा समितियों के लिए फीडबैक मैकेनिज्म
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए निगम की सभी संबंधित शाखाएं आपसी समन्वय के साथ काम करेंगी। पूजा से पहले, पूजा अवधि और पूजा के बाद तक निगम की टीमें क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पूजा समितियों के फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। समितियां अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी रांची नगर निगम के व्हाट्सएप नंबर 9431104429 पर दे सकेंगी। इसके लिए सभी पूजा समितियों के साथ नियमित समन्वय किया जाएगा। एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी पंडालवार जरूरतों और फीडबैक की जानकारी ली जाएगी, ताकि संबंधित शाखा त्वरित कार्रवाई कर सके।
तीन पालियों में होगी सफाई व्यवस्था
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान स्वच्छता निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पूजा अवधि में शहर में तीन पालियों में सफाई व्यवस्था संचालित की जाएगी। रात की पाली में अतिरिक्त सफाई दलों की तैनाती होगी। पूजा स्थलों, संपर्क पथों और आसपास के क्षेत्रों में रात्रिकालीन भीड़ के बाद नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी। नगर आयुक्त ने पूजा समितियों से अपने-अपने पंडाल परिसर में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं को निर्धारित डस्टबिन में ही कूड़ा डालने के लिए अनाउंसमेंट और अन्य माध्यमों से जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ रांची के निर्माण में नगर निगम के साथ नागरिकों और पूजा समितियों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
सड़कों और पथ प्रकाश व्यवस्था पर विशेष फोकस
नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को पूजा पंडालों और संपर्क पथों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। गड्ढों को चिन्हित कर समतलीकरण कराने और जरूरत के अनुसार सड़कों व संपर्क मार्गों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। पूजा पंडालों के आसपास आवश्यकता के अनुसार स्टोन डस्ट और जेएसबी उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। दुर्गा पूजा के दौरान शहर को प्रकाशमय रखने के लिए विद्युत शाखा को खराब पड़ी पथ बत्तियों को अभियान चलाकर जल्द दुरुस्त करने को कहा गया। पूजा अवधि में विशेष टीमों का गठन कर अपर बाजार, बड़ा तालाब के चारों ओर, मेन रोड सहित प्रमुख और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में शत-प्रतिशत पथ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा शहर के विभिन्न ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर जहां पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहां विशेष प्रकाश व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि रात में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को परेशानी न हो।









