रांची : झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के राज्य सरकार को लेकर दिए बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने योगेंद्र साव के बयान के बहाने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में मरांडी ने कहा कि जब योगेंद्र साव अपनी ही सरकार को महाभ्रष्ट बता रहे हैं, तो इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम जनमानस में सरकार की छवि कैसी होगी। मरांडी ने राहुल गांधी से सवाल किया कि नियुक्तियों और नौकरी से जुड़े मामलों में सरकार की भूमिका को करीब से देखने के बावजूद वह सरकार का समर्थन क्यों कर रहे हैं।
Read More : जमशेदपुर-सरायकेला पुलिस की बैठक, अपराधियों पर संयुक्त कार्रवाई
अवैध खनन और टेंडर को लेकर उठाए सवाल
मरांडी ने पत्थर, बालू, कोयला और लौह अयस्क के कथित अवैध खनन, टेंडर में कथित कमीशनखोरी और ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़ी कथित कमाई को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी से पूछा कि क्या कथित काली कमाई में हिस्सेदारी के कारण वह इन मुद्दों पर आंखें बंद किए हुए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राहुल गांधी को इन सभी सवालों का जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल योगेंद्र साव ये सवाल उठा रहे हैं, लेकिन आने वाले समय में यही सवाल पूरा झारखंड राहुल गांधी से पूछेगा।
कांग्रेस नेताओं पर भी मरांडी ने लगाए आरोप
मरांडी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस के कई नेता भी इसी तरह की सोच रखते हैं। उनके मुताबिक, कांग्रेस के कुछ नेता मंत्री पद पर होने के कारण चुप हैं, जबकि कुछ लोग आर्थिक लाभ के कारण इन मुद्दों पर बोलने से बच रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली और उससे जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है। अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री की ओर से सरकार पर की गई टिप्पणी ने इन सवालों को और गंभीर बना दिया है। मरांडी ने कहा कि सरकार को इन आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव जी जब अपनी ही सरकार के मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी को महाभ्रष्ट बता रहे हैं, तो सोचिए आम जनमानस में मुख्यमंत्री की छवि कैसी होगी?@RahulGandhi जी, कांग्रेस के अधिकांश नेता भी ऐसा ही मानते हैं, लेकिन कुछ मंत्री पद पर… pic.twitter.com/VoW59h9uR4
— Babulal Marandi (@yourBabulal) September 18, 2026








