रांची : रांची शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। गश्ती और निगरानी व्यवस्था को सख्त करने के उद्देश्य से देर रात रांची के सीनियर पुलिस अधिकारी खुद सड़कों पर उतरे। SSP राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने देर रात शहर के कई इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील, सुनसान और अपराध के लिहाज से ब्लैक स्पॉट माने जाने वाले इलाकों का निरीक्षण किया।
Read More : झारखंड SIR की डेडलाइन बढ़ी, अब 30 सितंबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति
क्राइम हॉटस्पॉट पर विशेष नजर
निरीक्षण के दौरान SSP राकेश रंजन ने स्पष्ट कहा कि अपराध की आशंका वाले स्थानों पर सिर्फ खानापूर्ति के लिए गश्ती नहीं होगी, बल्कि नियमित भौतिक निगरानी रखी जाएगी। पुलिस टीम ने उन जगहों पर विशेष नजर रखी, जहां अड्डेबाजी, नशाखोरी और छिनतई की शिकायतें लगातार मिलती हैं। एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और गैरकानूनी गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए।
मुंडला पहाड़ में छापेमारी, शराब जब्त
पुलिस अधिकारियों ने सुखदेवनगर, पंडरा, कोतवाली, अरगोड़ा और मुंडला पहाड़ समेत कई संवेदनशील इलाकों का दौरा किया। मुंडला पहाड़ इलाके में पुलिस टीम ने छापेमारी कर अवैध शराब बरामद की। अधिकारियों ने बताया कि रात के समय पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है ताकि अपराधियों में कानून का डर बना रहे। इसके अलावा, अपर बाजार स्थित बड़ा तालाब के पास भी गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और नो-पार्किंग पर सख्ती
देर रात शहर के भ्रमण के दौरान यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने बताया कि जिन डिवाइडर कट से वाहन अनियंत्रित तरीके से क्रॉस करते हैं, उन्हें चिन्हित किया गया है। ट्रैफिक एसपी से चर्चा के बाद ऐसे कटों को स्लाइडिंग बैरियर लगाकर बंद करने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े ऑटो और वाहनों पर जुर्माना लगाने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।




