पलामू:  पांकी में ओवरलोड कोयला लदे हाइवा के परिचालन को लेकर पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने बड़ा कदम उठाया है। विधायक ने सोरठ के पास एक ओवरलोड कोयला लदे हाइवा को पकड़कर पांकी थाना को सुपुर्द किया। विधायक के मुताबिक हाइवा का कुल वजन करीब 64 टन था, जबकि सड़क की क्षमता लगभग 20 से 25 टन है।
विधायक डॉ. मेहता ने आरोप लगाया कि लातेहार के चमातु इलाके से हरिहरगंज तक रोजाना करीब 200 से 300 हाइवा कोयला लेकर गुजरते हैं। उनका कहना है कि ओवरलोड वाहनों के लगातार परिचालन से पांकी-बालूमाथ और पांकी-मेदिनीनगर मार्ग की स्थिति लगातार खराब हो रही है।विधायक के अनुसार, कारीमाटी के पास सड़क पर तीन से चार फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चालक के पास कागजात नहीं होने की बात
विधायक ने बताया कि पकड़े गए हाइवा के चालक के पास कोयले से संबंधित कागजात और चालान नहीं होने की बात सामने आई है। उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए इसकी सूचना उपायुक्त, एसपी समेत संबंधित अधिकारियों को दी है।विधायक ने लातेहार के कोलियरी क्षेत्रों में CISF की तैनाती की भी मांग की है, ताकि कोयला परिवहन और उससे जुड़े मामलों की निगरानी बेहतर तरीके से हो सके।
ओवरलोडिंग नहीं रुकी तो आंदोलन की चेतावनी
डॉ. शशिभूषण मेहता ने चेतावनी दी कि अगर ओवरलोड वाहनों का परिचालन नहीं रुका तो वे आंदोलन करेंगे। विधायक ने कहा कि सड़क खराब होने का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत पर निजी स्तर से खर्च करने के बावजूद ओवरलोड हाइवा के लगातार परिचालन के कारण स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। विधायक ने पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री से मिलकर शिकायत करने की बात भी कही है।