रांची : DC मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी श्री बिवेक कुमार सुमन सहित विभिन्न प्रमुख दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Read More : रांची में राधा स्वामी संगठन पर करोड़ों की ठगी का केस, 12 नामजद
14 अक्टूबर तक चलेगी नोटिस सुनवाई की प्रक्रिया
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं के लिए 14 अक्टूबर 2026 तक सुनवाई आयोजित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित मतदाता निर्धारित तिथि और स्थान पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि नियमानुसार अग्रतर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी अपील की कि वे आम जनता तक सुनवाई की जानकारी पहुंचाने में सहयोग करें।
01 अक्टूबर को 18 वर्ष पूरा करने वाले भरें फॉर्म-6
उपायुक्त ने जानकारी दी कि 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी भारतीय नागरिक नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए योग्य हैं। वे नए मतदाता के रूप में जुड़ने के लिए ‘फॉर्म-6’ भर सकते हैं। DC ने राजनीतिक दलों से पात्र युवाओं को प्रेरित करने तथा फॉर्म-6 के मोबिलाइजेशन और डिजिटाइजेशन की गति बढ़ाने में BLO के साथ समन्वय स्थापित करने का आग्रह किया।
BLA-2 और BLO के समन्वय से त्रुटिरहित बनेगी मतदाता सूची
बैठक में बीएलए-2 (BLA-2) के माध्यम से बीएलओ (BLO) को सहयोग प्रदान करने तथा फॉर्म-6 और फॉर्म-8 से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया गया। DC ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न जुड़ सके।





