रांची : दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर घर आने और वापस जाने की तैयारी कर रहे झारखंड के रेल यात्रियों के लिए कन्फर्म टिकट हासिल करना बेहद मुश्किल चुनौती साबित हो रहा है। त्योहारों में अब दो महीने से भी कम का समय बचा है, लेकिन रांची से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और आनंद विहार जैसे प्रमुख शहरों के लिए चलने वाली ट्रेनों में अभी से ही लंबी वेटिंग लिस्ट और ‘नो रूम’ (रिग्रेट) की स्थिति बन गई है। रांची से विभिन्न महानगरों की ओर जाने और दूसरे राज्यों से झारखंड आने वाली ट्रेनों के स्लीपर, थर्ड एसी और थर्ड एसी इकोनॉमी श्रेणी में रिग्रेट की स्थिति आ चुकी है। यानी इन श्रेणियों में अब नए टिकटों की बुकिंग पूरी तरह बंद हो गई है।
Read More : स्विट्जरलैंड के फेडरल पैलेस पहुंचे रबीन्द्रनाथ महतो, जानी संघीय व्यवस्था
रांची से दिल्ली और बेंगलुरु जाने वाली ट्रेनों का हाल
17 अक्टूबर को रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (20839) के थर्ड एसी में 90 और टू एसी में 43 वेटिंग दर्ज है। उसी दिन हटिया-नई दिल्ली ट्रेन (18309) के स्लीपर में 87 और थर्ड एसी में 81 वेटिंग चल रही है। 18 अक्टूबर को हटिया-आनंद विहार झारखंड स्वर्ण जयंती (12817) के स्लीपर में 32, थर्ड एसी इकोनॉमी में 4 और थर्ड एसी में 10 वेटिंग है। इसी तरह हटिया-बेंगलुरु (18637) में 17 अक्टूबर को स्लीपर श्रेणी में 44 आरएसी और थर्ड एसी में 22 वेटिंग है। 18 अक्टूबर को हटिया-बेंगलुरु (18635) के थर्ड एसी इकोनॉमी में 5 और थर्ड एसी में 8 वेटिंग दर्ज की गई है। 1 नवंबर को एलटीटी-हटिया (12811) के स्लीपर में 63, थर्ड एसी इकोनॉमी में 34 और थर्ड एसी में 47 वेटिंग है।
दूसरे राज्यों से रांची आने वाली ट्रेनों में भी भारी मारामारी
बाहर से रांची लौटने वाले यात्रियों के लिए स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है। 6 नवंबर को नई दिल्ली-रांची राजधानी (20840) के थर्ड एसी में 249 वेटिंग है, जबकि टू एसी में टिकट बुकिंग बंद (रिग्रेट) हो चुकी है। 7 नवंबर को नई दिल्ली-रांची राजधानी (12454) के थर्ड एसी में 197 और टू एसी में 84 वेटिंग चल रही है। आनंद विहार-हटिया झारखंड स्वर्ण जयंती (12818) में स्लीपर श्रेणी में 123 वेटिंग है, जबकि इसके थर्ड एसी और थर्ड एसी इकोनॉमी में रिग्रेट हो चुका है। इसी दिन आनंद विहार-रांची संपर्क क्रांति (12826) के स्लीपर, थर्ड एसी इकोनॉमी और थर्ड एसी तीनों में ही टिकट बुकिंग पूरी तरह बंद है। 3 नवंबर को बेंगलुरु-हटिया (18638) के स्लीपर में रिग्रेट और थर्ड एसी में 173 वेटिंग है। वहीं, बेंगलुरु-हटिया (12836) में भी स्लीपर और थर्ड एसी इकोनॉमी में नो रूम है, जबकि थर्ड एसी में 120 वेटिंग बनी हुई है।
यात्रियों की सुविधा के लिए 12 स्पेशल ट्रेनों का प्रस्ताव
त्योहारों में बढ़ती भीड़ और टिकटों की इस मारामारी को देखते हुए रांची रेल मंडल ने दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय को 12 स्पेशल ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव भेजा है। इनमें रांची-जयनगर, रांची-नई दिल्ली, रांची-अजमेर, रांची-मुंबई, रांची-आरा, रांची-बनारस और रांची-कोलकाता जैसे प्रमुख रूट शामिल किए गए हैं। डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें चलाकर दबाव कम करने की योजना है। उन्होंने कहा कि त्योहारों में यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए मंडल द्वारा अधिक से अधिक ट्रेनों का परिचालन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।





