पलामू विश्रामपुर प्रखंड के तोलरा गांव से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां वर्तमान में गढ़वा शहर थाना प्रभारी के पद पर कार्यरत पुलिस इंस्पेक्टर सुनील तिवारी के घर को चोरों ने निशाना बनाया है। बताया जा रहा है कि देर रात करीब तीन बजे चोर बांस की सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए और लाखों रुपये के जेवरात के साथ करीब 12 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
also read :
हैरानी की बात यह है कि घटना के समय घर में पुलिस इंस्पेक्टर के भाई और शिक्षक सुमंत तिवारी मौजूद थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। परिजनों के अनुसार चोरों ने घर के कई हिस्सों की तलाशी ली और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सुमंत तिवारी के मुताबिक, चोरों ने फ्रिज में रखा दूध गर्म कर पीया और बर्तन बाहर फेंक दिया। वहीं परिवार की ओर से आशंका जताई गई है कि चोरों ने किसी नशीली या बेहोशी वाली चीज का इस्तेमाल किया होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि तोलरा गांव में पिछले दो वर्षों के दौरान करीब दो दर्जन घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही चोरी से ग्रामीणों में दहशत और पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी है।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब पुलिस विभाग से जुड़े व्यक्ति का घर भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा?
बताया जा रहा है कि घटना के बाद ग्रामीणों ने कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब पुलिस के सामने चुनौती चोरों तक पहुंचने और चोरी गए सामान की बरामदगी की है।





