व्यवसायियों से किया संवाद, कृषि मंत्री व संबंधित अधिकारियों से मुलाकात का दिया भरोसा
रांची: चैंबर चुनाव को लेकर टीम तुलसी पटेल का प्रचार अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। टीम के सदस्य विभिन्न बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर व्यवसायियों से संवाद कर रहे हैं और टीम के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को टीम के सदस्यों ने पंडरा बाजार का दौरा किया।
इस दौरान टीम के सदस्यों ने बाजार के व्यवसायियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। व्यवसायियों ने पंडरा बाजार में शौचालय, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सड़क समेत कई मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को टीम के समक्ष रखा। व्यवसायियों ने बताया कि बाजार में बड़ी संख्या में व्यापारिक गतिविधियां होने के बावजूद कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इससे व्यवसायियों के साथ-साथ ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
टीम तुलसी पटेल के सदस्यों ने व्यवसायियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पंडरा बाजार समेत राज्य के सभी कृषि बाजार की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ कृषि मंत्री से भी मुलाकात कर समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यवसायियों के हितों की रक्षा करना और बाजारों में बेहतर व्यापारिक माहौल उपलब्ध कराना टीम की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेड़ी, रंजीत गाड़ोदिया, दीपक मारु, प्रवीण जैन छाबड़ा, धीरज तनेजा और परेश गट्टानी ने व्यवसायियों को भरोसा दिलाया कि चैंबर के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित विभागों और सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर समन्वय स्थापित कर प्रभावी पहल की जाएगी।
जनसंपर्क के दौरान टीम के सदस्यों ने रांची चेंबर ऑफ कॉमर्स के संजय महुरी, आलू-प्याज थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष मदन प्रसाद, संतोष सिंह, मनोज अग्रवाल, रोहित कुमार, कौशिक मदानी, अनिल शर्मा, हरेंद्र सिंह, रोबिन गुप्ता, राहुल चौधरी, किसन साबू, पंकज साबू, शंभु अग्रवाल समेत अन्य व्यवसायियों से मुलाकात की। टीम के सदस्यों ने व्यवसायियों से चुनाव में टीम तुलसी पटेल के पक्ष में मतदान कर समर्थन देने की अपील की। इस दौरान व्यवसायियों की अपेक्षाओं और सुझावों को भी जाना गया।
इस अवसर पर तुलसी पटेल, सीए आदित्य शाह, अमित शर्मा, अनिल अग्रवाल, अरुण भारतीय, ज्योति कुमारी, कमलेश संचेती, कुलवंत सिंह, मनीष सराफ, मोनिका गोयनका, नवजोत अलंग, पूजा ढाढा, राहुल साबू, राम बांगर, रोहित अग्रवाल, रोहित पोद्दार, साहित्य पवन, शैलेश अग्रवाल, विकास झाझरिया, विकास विजयवर्गीय और विनीता सिंघानिया समेत अन्य लोग मौजूद थे।





