रांची:  कोयला घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोयला कारोबारी कुंभनाथ सिंह की पत्नी जया देवी को समन जारी किया है। ईडी ने उन्हें 11 सितंबर को सुबह 11 बजे रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
कुंभनाथ सिंह चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह के भाई बताए जाते हैं। जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों में जया देवी के नाम से जुड़ी चल-अचल संपत्तियों से संबंधित जानकारी मिलने के बाद ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है।
संपत्तियों के आर्थिक स्रोत को लेकर होगी पूछताछ
ईडी के सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान जया देवी के नाम पर दर्ज कुछ चल-अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज एजेंसी के हाथ लगे हैं। अब इन संपत्तियों की खरीद और उनमें निवेश किए गए धन के स्रोत से जुड़े बिंदुओं पर पूछताछ की जाएगी। ईडी ने जया देवी को पूछताछ के दौरान कुछ आवश्यक दस्तावेज साथ लाने को भी कहा है। इनमें उनकी और उनके परिवार के सदस्यों की चल-अचल संपत्तियों का पूरा ब्योरा शामिल है।
जांच के दूसरे चरण में परिवार और रिश्तेदारों पर फोकस
कोयला घोटाले की जांच के दूसरे चरण में हुई छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के बाद ईडी ने एलबी सिंह के परिवार और रिश्तेदारों से जुड़े लोगों को नोटिस जारी करना शुरू किया है।
एजेंसी की जांच अब कथित वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों में निवेश और परिवार के सदस्यों के नाम पर किए गए निवेश से जुड़े दस्तावेजों पर केंद्रित है
160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश की भी जांच
जांच के दौरान ईडी को करीब 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश से संबंधित जानकारी मिलने की बात सामने आई थी। एजेंसी ने इस निवेश को फ्रीज भी किया था। बताया गया है कि इस निवेश का बड़ा हिस्सा एलबी सिंह के परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के नाम पर है। इसी मामले में ईडी अब तक एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह, साले रंजीत कुमार सिंह और भाई विश्वविजय सिंह से पूछताछ कर चुकी है।अब जया देवी को समन जारी होने के बाद जांच का दायरा एलबी सिंह के परिवार से जुड़े अन्य सदस्यों तक भी बढ़ता दिखाई दे रहा है।