हजारीबाग : पदमा ओपी क्षेत्र में रिटायर शिक्षक रामजय कुमार महथा पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया है। रविवार को सुबह करीब 8:30 बजे घर से बाहर शेविंग कराने के बाद लौट रहे रामजय कुमार महथा पर मोटरसाइकिल सवार अपराधकर्मियों ने दो राउंड फायरिंग की थी। गोली लगने से रामजय कुमार महथा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया था।
SIT ने गुप्त सूचना पर की छापेमारी
घटना के संबंध में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। SDPO बरही राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में मामले के उद्भेदन और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए SIT का गठन किया गया। गठित SIT ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम जिष्टु में छापेमारी की। इस दौरान अपराधकर्मी कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो, पिता जगदीश महतो, ग्राम सुरजपुरा गली नंबर-01, थाना पदमा ओपी, जिला हजारीबाग को उसकी बुआ यशोदा देवी के घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से फायर किया हुआ एक लोडेड इटालियन पिस्टल बरामद किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि रिटायर शिक्षक रामजय कुमार महथा के साथ उसका पहले से आपसी विवाद चल रहा था और बदला लेने के लिए उसने रविवार (6 सितंबर) को घटना को अंजाम दिया।
आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
- बरही (पदमा) कांड संख्या 124/2020, दिनांक 15/03/2020, धारा 109/147/149/323/341/366/379/448/504/34 भादवि।
- सरायकेला आरआईटी थाना कांड संख्या 13/2024, दिनांक 04/02/2024, धारा 379/411/34 भादवि।
- बरही (पदमा) कांड संख्या 393/2020, दिनांक 10/10/2020, धारा 120(बी)/147/148/149/307/341/379/386/452 भादवि एवं 3/4 डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम 2001।
- Court Case, Police Station: OTHER-MSR, FIR No. 510/2014, दिनांक 18/05/2014, धारा 379/411/413/414 IPC एवं 30(ii) C.M.N. Act।
पिस्टल, गोलियां और बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो, उम्र 40 वर्ष, पिता जगदीश महतो, ग्राम सुरजपुरा गली नंबर-01, थाना पदमा ओपी, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, 8 जिंदा गोली, 2 मिस फायर गोली, 2 खोखा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद किए हैं।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही राधा प्रेम किशोर, पुलिस निरीक्षक बरही अंचल अनिल कुमार, पदमा ओपी थाना प्रभारी श्रवण कुमार, पदमा ओपी के पुलिस अवर निरीक्षक आलोक कुमार सोरेन और संदीप कुमार शामिल रहे। इसके अलावा पदमा ओपी का सशस्त्र बल तथा तकनीकी शाखा और संगठित अपराध शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया।




