हजारीबाग : जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। मारपीट के दौरान महिला का पैर टूट गया है। पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपियों विकास राय और रूदल कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, दुष्कर्म के आरोप की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Read More : Teachers Day 5 सितंबर को ही क्यों मनाया जाता है? पढ़ें इतिहास और महत्व
किराए के मकान में रहकर मजदूरी करती है महिला
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह किराए के मकान में रहकर मजदूरी करती है। उसके पड़ोस में बिहार के कुछ युवक भी किराए पर रहते हैं। पीड़िता की पहचान पड़ोस में रहने वाले एक युवक से थी। महिला का आरोप है कि उक्त युवक उसके घर में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंचे और दरवाजा खुलवाने के बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट में महिला को गंभीर चोटें आईं और उसका पैर टूट गया। घटना के बाद परिजनों ने कटकमदाग थाने में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मेडिकल रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि अभी दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया गया है और पुलिस मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म के आरोप की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपों और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है।
दो नामजद आरोपी गिरफ्तार
थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों में विकास राय और रूदल कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप
इस बीच, पीड़िता के परिजनों ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस आरोप पर कोई जवाब नहीं दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




