रांची : रांची में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की प्रथम आमसभा सोमवार को हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन के दूसरे तल्ले में हुई। बैठक में रांची, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, देवघर, रामगढ़ और खूंटी समेत कई जिलों के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए। सम्मेलन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने सभी पूर्व अध्यक्षों, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और सदस्यों का स्वागत किया।
Read More : झारखंड हाईकोर्ट ने सिविल जज नियुक्ति मामले में दिया बड़ा निर्देश
25 लाख रुपये की वापसी पर एक महीने का समय
अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि आमसभा में संशोधित संविधान, पूर्व निर्वतमान अध्यक्ष बसंत मित्तल की ओर से मारवाड़ी ट्रस्ट को दिए गए 25 लाख रुपये की वापसी और समाज हित में आचार संहिता समेत कई विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में कोषाध्यक्ष ने अंकेक्षित आय-व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि बसंत मित्तल की ओर से मारवाड़ी ट्रस्ट को दिए गए 25 लाख रुपये को सम्मेलन को वापस करने के लिए पिछले एक साल से पत्राचार और चर्चा के माध्यम से आग्रह किया जा रहा है। राशि अब तक वापस नहीं मिलने पर अध्यक्ष के आग्रह पर सभा ने सर्वसम्मति से एक महीने तक और प्रयास करने पर सहमति जताई। नए सम्मेलन कार्यालय और बकाया राशि की मांग के लिए अनुशासन समिति के संयोजक सह उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल को अधिकृत किया गया।
अंकेक्षित आय-व्यय और संविधान संशोधन पारित
सम्मेलन के कोषाध्यक्ष मनोज चौधरी ने वर्ष 2025-26 का अंकेक्षित आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सभा ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। वहीं, वर्ष 2026-27 के लिए अंकेक्षक के रूप में CA एनके डोकानिया की नियुक्ति भी सर्वसम्मति से की गई। देवघर कार्यकारिणी से अनुमोदित संशोधित संविधान का प्रस्ताव संयोजक कमल केडिया ने सभा में रखा। इस पर मुकेश मित्तल, दीपेश निराला, राज कुमार शर्मा, प्रमोद सारस्वत, कौशल राजगढ़िया, महेश पोद्दार और प्रकाश पटवारी ने सुझाव दिए। इसके बाद कुछ विलोपन और शुद्धिकरण के साथ संशोधित संविधान को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
सामाजिक आचार संहिता पर भी चर्चा
सामाजिक आचार संहिता के संयोजक महेश पोद्दार ने समाज हित में तैयार आचार संहिता को सभा के समक्ष रखा। अध्यक्ष और सदस्यों ने इसकी सराहना की। अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि आचार संहिता को जल्द ही मीडिया, पत्राचार और पत्रिकाओं के माध्यम से लोगों के बीच रखा जाएगा। इस दौरान पूर्वी सिंहभूम, रांची, धनबाद, कोडरमा, देवघर और पश्चिमी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन को अच्छे कार्यों के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सदस्यता विस्तार के लिए श्रीमती नेहा पटवारी को भी मोमेंटो प्रदान किया गया। दीपेश निराला ने कहा कि डॉ. श्री राम मनोहर लोहिया की मूर्ति काफी समय से कार्यालय में रखी है। उन्होंने इसे जल्द स्थापित करने की बात कही।
नए कार्यालय के लिए जगह मिली
वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने बताया कि मारवाड़ी सहायक समिति ने अपने परिसर में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के कार्यालय के लिए जगह उपलब्ध कराई है। इसके लिए सम्मेलन ने समिति के प्रति आभार जताया। मारवाड़ी सहायक समिति के बहुउद्देशीय सभागार के नवनिर्माण के लिए प्रांतीय सम्मेलन की ओर से 2,51,000 रुपये की राशि प्रदान की गई है।
राष्ट्रगान के साथ आमसभा को अगली बैठक तक के लिए स्थगित कर दिया गया। बैठक में अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल, वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, पवन कुमार पोद्दार, प्रमोद छावछरिया, कृष्णा अग्रवाल, महामंत्री विनोद कुमार जैन, संयुक्त महामंत्री प्रमोद सारस्वत, कौशल राजगढ़िया, अनिल अग्रवाल, विमल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज चौधरी, पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल, कमल केडिया, पवन शर्मा, मुकेश मित्तल, महेश पोद्दार, दीपेश निराला, रिंकू अग्रवाल, चंडी प्रसाद डालमिया, निर्मल बुधिया, सज्जन पड़िया, राजेंद्र केडिया, कमलेश संचेती, सुभाष पटवारी, अशोक खंडेलवाल, राजेश कुमार, राजकुमार शर्मा, सुशील शर्मा, धर्मचंद पोद्दार, सांवरमल शर्मा, कमल सिंघानिया, राजेश भारतीया, अरुण बुधिया समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।




