नागरमल मोदी सेवा सदन में राज्यपाल गंगवार ने किफायती इलाज पर दिया जोर

रांची : नागरमल मोदी सेवा सदन के 69वें स्थापना दिवस समारोह में सोमवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने चिकित्सा सेवा में इलाज के साथ मानवीय संवेदना और मरीजों के सम्मान को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को

नागरमल मोदी सेवा सदन
सेवा सदन के स्थापना दिवस पर राज्यपाल।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : नागरमल मोदी सेवा सदन के 69वें स्थापना दिवस समारोह में सोमवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने चिकित्सा सेवा में इलाज के साथ मानवीय संवेदना और मरीजों के सम्मान को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को सुलभ एवं किफायती चिकित्सा उपलब्ध कराने वाले संस्थानों की सामाजिक भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल बीमारी के उपचार तक सीमित नहीं है। यह मानवीय गरिमा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ी है।

Read More : पारसनाथ पहाड़ को लेकर आदिवासी समुदाय का विरोध तेज, आंदोलन की चेतावनी

छोटे मातृत्व गृह से बहुविशेषता अस्पताल तक का सफर

राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 1958 में एक छोटे से मातृत्व गृह के रूप में शुरू हुई नागरमल मोदी सेवा सदन की यात्रा आज बहुविशेषता वाले अस्पताल तक पहुंची है। करीब सात दशक की यह यात्रा सेवा, समर्पण, सामाजिक सहयोग और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में स्वास्थ्य को जीवन के मूल आधार के रूप में देखा गया है। ‘पहला सुख निरोगी काया’ की भावना यह बताती है कि स्वस्थ समाज ही सशक्त समाज का निर्माण कर सकता है। राज्यपाल ने कहा कि किसी अस्पताल की पहचान सिर्फ उसकी इमारत, आधुनिक उपकरणों या तकनीकी सुविधाओं से नहीं होती। मरीज बीमारी के साथ चिंता, पीड़ा और उपचार की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचता है। इसलिए बेहतर चिकित्सा के साथ उसके सम्मान, विश्वास और भावनाओं का भी ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने नागरमल मोदी सेवा सदन के संदेश “कम खर्च, समुचित इलाज, सही व्यवहार” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह चिकित्सा सेवा में किफायत, गुणवत्ता और मानवीय संवेदना के महत्व को सामने रखता है।

किफायती स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि चिकित्सा का बढ़ता खर्च कई परिवारों के लिए चुनौती है। ऐसे में किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाले संस्थानों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि देश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समावेशी बनाने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। ‘आयुष्मान भारत’ जैसी पहलों के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। राज्यपाल ने कहा कि रांची और आसपास के लोगों का नागरमल मोदी सेवा सदन पर वर्षों से बना विश्वास इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। इस विश्वास को बनाए रखने के लिए चिकित्सा की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता और मानवीय व्यवहार को लगातार प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने बदलती चिकित्सा जरूरतों के अनुरूप आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ सेवाओं, प्रशिक्षण और अनुसंधान को बढ़ावा देने की आवश्यकता भी बताई।

चिकित्सकों और कर्मचारियों की सराहना

राज्यपाल ने सेवा सदन के चिकित्सकों, नर्सिंग एवं तकनीकी स्टाफ और अन्य कर्मियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल की सफलता किसी एक व्यक्ति के प्रयास से नहीं, बल्कि पूरी टीम के समन्वय, मेहनत और समर्पण से सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि मरीज के कठिन समय में उसके साथ खड़ा रहना, बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और उसके मन में विश्वास जगाना चिकित्सा सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राज्यपाल ने विश्वास जताया कि नागरमल मोदी सेवा सदन भविष्य में भी अपनी गौरवपूर्ण परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती चिकित्सा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने कामना की कि यह संस्थान आने वाली पीढ़ियों तक सेवा, संवेदना और विश्वास का केंद्र बना रहे तथा यहां आने वाला हर मरीज बेहतर उपचार के साथ सम्मान और आशा का अनुभव लेकर लौटे।

सामुदायिक डायलिसिस विभाग का किया भ्रमण

इससे पहले राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अस्पताल के सामुदायिक डायलिसिस विभाग का भ्रमण किया। उन्होंने वहां इलाजरत मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.