पलामू : पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र स्थित बटाने नदी में शनिवार को पिकनिक मनाने के दौरान डूबे तीन दोस्तों में से तीसरे युवक का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया है। एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने सोमवार को सियरभूंका इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला, जिसकी पहचान टेनी के रूप में हुई है। तीनों दोस्त मूल रूप से पड़ोसी राज्य बिहार के औरंगाबाद जिले स्थित मिनी बीघा गांव के निवासी थे।
Read More : जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ा, खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर
पिकनिक के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को राजेंद्र साव, रितिक और टेनी पिकनिक मनाने के लिए पलामू के हरिहरगंज स्थित बटाने नदी तट पर आए थे। दोपहर के समय तीनों दोस्त नदी में नहाने उतरे और गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगे। घटना के वक्त स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राजेंद्र साव को बेहोशी की हालत में नदी से बाहर निकाल लिया था, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया गया था, जहां फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
रविवार को रितिक और सोमवार को मिला टेनी का शव
हादसे के बाद से ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण लापता दो अन्य युवकों की तलाश कर रहे थे। रविवार को दूसरे दोस्त रितिक का शव बटाने पुल के समीप से बरामद हुआ था। पलामू पुलिस की सूचना पर सोमवार को पहुंची NDRF और SDRF की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सियरभूंका के पास से तीसरे दोस्त टेनी का शव भी ढूंढ निकाला। हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीसरे युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस अग्रतर कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस हृदयविदारक घटना से औरंगाबाद के मिनी बीघा गांव में मातम पसरा हुआ है।




