झुमरीतिलैया : जैन संत मुनि श्री 108 सुयश सागर जी मुनीराज और मुनि श्री 108 कौसल्य सागर जी के मंगल आशीर्वाद से झुमरीतिलैया में चल रहे नव वेदी शिलान्यास कार्यक्रम का दूसरा दिन विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विश्व शांति मंत्र और शांतिधारा सहित कई भव्य धार्मिक कार्यक्रमों से हुई। सुबह बड़ा जैन मंदिर, झुमरीतिलैया की मूल वेदी में विराजमान 1008 पारसनाथ भगवान का भव्य अभिषेक और महाशांतिधारा मुख्य पुण्यार्जक भक्तों ने की। अभिषेक और पूजन के बाद अर्घ चढ़ाया गया। इसके बाद 1008 पारसनाथ भगवान की अष्टधातु प्रतिमा को मस्तक पर रखकर मंगल विहार करते हुए कार्यक्रम स्थल तक लाया गया और पांडुकशिला में विराजमान कराया गया।
Read More : रांची में कृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी तेज, हेमंत सोरेन होंगे मुख्य अतिथि
पारसनाथ भगवान की हुई महाशांतिधारा
कार्यक्रम स्थल पर मंदिर निर्माण के सह संयोजक सुशील-सुमित जैन छाबड़ा परिवार और ललित-आशीष जैन सेठी टैलेंट ग्रुप को प्रथम अभिषेक एवं महाशांतिधारा करने का सौभाग्य मिला। गुरु मुख से शांतिधारा का महामंत्र कराया गया। इस दौरान मौजूद सभी श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर अपनी अनुमोदना की। इसके बाद याग मंडल विधान का आयोजन हुआ। इसमें नौ परिवारों ने विभिन्न वेदियों के लिए पुण्यार्जक के रूप में भाग लिया और विधान मंडप पर अष्टमंगल स्थापित किए।
नौ परिवारों ने किया विधान में सहभाग
1008 श्री पारसनाथ भगवान की वेदी के पुण्यार्जक बिनोद-किरण जैन काला, कोलकाता, 1008 श्री आदिनाथ भगवान की वेदी के पुण्यार्जक अनिल-शोभा जैन कासलीवाल, 1008 श्री नेमिनाथ भगवान के पुण्यार्जक प्रदीप-प्रेम जैन पांड्या तथा सहस्रफणी 1008 श्री पारसनाथ भगवान की वेदी के पुण्यार्जक अशोक-अभिषेक जैन पापड़ीवाल, चेन्नई रहे। इसी तरह 1008 श्री मुनिसुव्रतनाथ भगवान की वेदी के पुण्यार्जक जय कुमार-त्रिशला जैन गंगवाल, 1008 श्री शांतिनाथ भगवान की वेदी के पुण्यार्जक सुरेश-प्रेम जैन पांड्या, त्रिकाल चौबीसी वेदी के पुण्यार्जक सुशील-शशि जैन छाबड़ा, नंदीश्वर द्वीप वेदी के पुण्यार्जक मंजू-शैलेश सौरभ जैन लुहाड़िया और पंचमेरु वेदी के पुण्यार्जक मुन्ना-रीता जैन बाकलीवाल रहे। विधान पूजन स्थानीय पंडित अभिषेक जी शास्त्री और मुक्तागिरी से आए संजू भैया ने शुरू कराया। पुण्यार्जक परिवारों के साथ समाज के सैकड़ों लोगों ने विधान में 111 अर्घ और श्रीफल चढ़ाया।
भजनों पर भक्तों ने लगाए जयकारे
सभी पुण्यार्जक परिवारों को समाज और नव निर्माण कमेटी की ओर से हल्दी और मेहंदी लगाई गई। इसके बाद सुबोध-आशा जैन गंगवाल के द्वारा भजनों का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। भजनों के दौरान श्रद्धालु और महिला समाज भक्ति में डूबे नजर आए। कार्यक्रम में विरागोदय वर्षायोग समिति के संयोजक और सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में पूरा कार्यक्रम भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। नौ शिलान्यास कर्ता परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ नृत्य करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे और आयोजन में उत्साह बढ़ाया। संध्या समय णमोकार चालीसा और गुरुदेव की भव्य आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद दिल्ली से आए सौरभ जैन ने मोनो नाटक के माध्यम से भरत-बाहुबली की दीक्षा का कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की जानकारी कोडरमा मीडिया प्रभारी राज कुमार जैन अजमेरा और नवीन जैन ने दी।



