झारखंड में सीजनल इन्फ्लूएंजा पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, गाइडलाइन जारी

रांची : देश के कई राज्यों दिल्ली, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और राजस्थान में इन्फ्लूएंजा A H1N1 और H3N2 सीजनल इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड सरकार का स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से प्राप्त

सीजनल इन्फ्लूएंजा

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : देश के कई राज्यों दिल्ली, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और राजस्थान में इन्फ्लूएंजा A H1N1 और H3N2 सीजनल इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड सरकार का स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से प्राप्त निर्देशों के आलोक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों, मेडिकल कॉलेजों और जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को अलर्ट पर रहने और सतत निगरानी रखने का निर्देश जारी किया है।

Read More : NTA में दो डायरेक्टर और एक जॉइंट डायरेक्टर की नियुक्ति, कार्मिक मंत्रालय का आदेश

एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के तहत राज्य सर्विलेंस पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सिंह की देखरेख में राज्यभर में ILI (सर्दी, खांसी, बुखार) और SARI (गंभीर श्वसन संक्रमण) मामलों की दैनिक निगरानी और IHIP पोर्टल पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में झारखंड में इन्फ्लूएंजा के संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात और जागरूकता से इसका बचाव संभव है।

10 बेड का आइसोलेशन वार्ड अनिवार्य

अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा के निर्देश पर राज्य स्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इन्फ्लूएंजा A H1N1 और H3N2 की जांच सुविधा रिम्स, रांची और एमजीएम, जमशेदपुर में उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में संभावित व संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए कम से कम 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों में पीपीई किट, N95 मास्क, ट्रिपल लेयर मास्क, VTM किट, आवश्यक दवाओं, ऑक्सीजन उपकरणों और वेंटिलेटर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। OPD में आने वाले ILI और SARI के मरीजों की अनिवार्य रूप से स्क्रीनिंग की जाएगी, जिसके लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को मास्क पहनने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील समूहों के लिए विशेष सावधानी और ‘क्या करें, क्या न करें’

आईईसी के स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ. राहुल किशोर सिंह ने बताया कि आम जनमानस को जागरूक करने के लिए इन्फ्लूएंजा के लक्षण, बचाव और ‘क्या करें और क्या न करें’ से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार, बुजुर्ग व्यक्ति, 5 वर्ष तक के छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं अन्य पुरानी गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्ति इस संक्रमण के प्रति अधिक संवेदनशील हैं, इसलिए इनका विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।

हेल्पलाइन नंबर 104 जारी, जानिए क्या हैं निर्देश

राज्य सर्विलेंस पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सभी निजी व सरकारी अस्पतालों को मरीजों का डेटा IHIP पोर्टल पर नियमित दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परामर्श, लक्षण दिखने पर सलाह या सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी के लिए राज्य सरकार का 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 104 डायल किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सलाह :

  • क्या करें : भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाते समय मास्क पहनें, छींकते या खांसते वक्त रुमाल या कपड़े से मुंह-नाक ढंकें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ पिएं।

  • क्या न करें : अभिवादन के लिए हाथ मिलाने से बचें, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकें, डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक दवाएं न लें और गंदे हाथों से आंख, नाक व मुंह को बार-बार न छुएं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *