रांची : झारखंड में शुक्रवार को भी कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम को देखते हुए राज्यभर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने शुक्रवार से अगले चार दिनों तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके बाद तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
Read More : FJCCI चुनाव को लेकर Team P21 की घोषणा, 21 सदस्यों की टीम तैयार
जमशेदपुर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक 67.6 एमएम बारिश जमशेदपुर में दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, कांके (रांची) में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, झारखंड में बारिश की मुख्य वजह एक साथ तीन मौसम प्रणालियों का सक्रिय होना है। पहला, दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। दूसरा, मानसून ट्रफ लाइन रांची और दीघा से होकर सीधे बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। तीसरा, मध्य प्रदेश से बंगाल की खाड़ी तक एक और ट्रफ लाइन बनी हुई है। इन तीनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से झारखंड में मानसूनी हवाएं मजबूत हो गई हैं, जिसके कारण बारिश का दौर जारी है।
पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 43% अधिक बारिश
1 जून से 27 अगस्त के दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों में बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिला है। पश्चिमी सिंहभूम में अब तक सामान्य से 43 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। यहां सामान्य 775.8 मिमी के मुकाबले 1106.5 मिमी बारिश हुई है। वहीं, देवघर में सामान्य से 48 प्रतिशत कम बारिश हुई है। बोकारो में 25 प्रतिशत और कोडरमा में भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। राज्य के कुछ अन्य जिलों में भी 20 से 50 प्रतिशत तक बारिश की कमी दर्ज हुई है।




