रांची : DC मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बुधवार को समाहर्ता कार्यालय कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित एक उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित रांची जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के EROs, AEROs और Additional AEROs उपस्थित थे। इस बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत दावा-आपत्तियों की सुनवाई, नोटिस वितरण, BLO द्वारा प्रपत्र (Form-6 और Form-8) के संग्रहण, घर-घर भ्रमण और “Family Together” स्टिकर लगाने जैसे कार्यों की विधानसभा क्षेत्रवार गहन समीक्षा की गई।
Read More : साहिबगंज में गंगा नदी खतरे के निशान से 58 सेमी ऊपर, नेपाल बाढ़ से मंडराया संकट
दावा-आपत्ति और नोटिस वितरण में तेजी लाने का निर्देश
DC मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी EROs और AEROs को कड़े निर्देश दिए कि दावा-आपत्ति से संबंधित मामलों की सुनवाई और नोटिस वितरण की प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन करके AERO और ERO स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाना चाहिए। SIR से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने निर्देश दिया कि BLO के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक पहुंच बनाकर आवश्यक प्रपत्रों (Form-6 व Form-8) का मोबिलाइजेशन सुनिश्चित किया जाए और प्राप्त आवेदनों की समयबद्ध जांच की जाए।
4 सितंबर तक चलेगा घर-घर भ्रमण और स्टिकर अभियान
बैठक में 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक BLO द्वारा चलाए जा रहे घर-घर भ्रमण (Home to Roll Visit) कार्यक्रम की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि BLO निर्धारित शेड्यूल के अनुसार हर घर जाकर मतदाता विवरण का सत्यापन करें और “Family Together” स्टिकर लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने EROs और AEROs को निर्देश दिया कि वे क्षेत्रीय स्तर पर BLO के कार्यों की प्रभावी निगरानी करें।
पारदर्शिता और शुद्धता पर जोर
इसके अतिरिक्त, बैठक में बीएलओ (BLO) द्वारा बीएलए-2 (BLA-2) को Form-9, Form-10, Form-11, Form-11A और Form-11B उपलब्ध कराए जाने की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रपत्रों के हस्तांतरण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाए और इसका उचित रिकॉर्ड बनाकर रखा जाए। उपायुक्त ने अंत में कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए पूरी गंभीरता के साथ कार्य करें।




