रांची : रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित औघड़ भगवान आश्रम के सामने खाली पड़ी जमीन, जिसे चीनी मिट्टी कारखाना के नाम से जाना जाता है, वहां एक युवक का शव संदिग्ध स्थिति में बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सूचना के बाद ASP कोतवाली भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
Read More : जयराम महतो विवाद में बाबूलाल मरांडी की एंट्री, पुलिस पर साधा निशाना
कचड़ा फेंकने गए व्यक्ति की नजर शव पर पड़ी
मिली जानकारी के अनुसार औघड़ भगवान आश्रम के सामने खाली जगह पर एक व्यक्ति कचड़ा फेंकने गया था। इसी दौरान उसकी नजर वहां पड़े युवक के शव पर पड़ी। इसके बाद उसने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ उसकी मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान से युवक का शव बरामद हुआ है, वहां अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। शव के शरीर पर खून भी मिले हैं, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत हत्या की वजह से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है।




