रांची : राजधानी रांची स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को राजनीतिक गतिविधियों से इतर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सावन महीने के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यालय में रुद्राभिषेक और शिव भक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता देर शाम तक भगवान शिव की आराधना में लीन रहे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।
शिव भजनों से गुंजायमान हुआ भाजपा कार्यालय
सावन के महीने में हर साल की तरह इस बार भी भाजपा दफ्तर में रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस दौरान जमकर शिव भजन गाए गए, जिससे पूरा कार्यालय परिसर शिवमय हो गया। कार्यक्रम के दौरान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह मुख्य यजमान की भूमिका में नजर आए। वहीं आरती के समय प्रदेश स्तर के सभी प्रमुख नेताओं ने एक साथ शामिल होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रबीन्द्र कुमार राय समेत भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रसाद वितरण के बाद हुई कोर कमेटी की बैठक
रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया। इसके तुरंत बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई। देर शाम तक चली इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, पूर्व विधायक अनंत ओझा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, दिनेशानंद गोस्वामी और रविन्द्र राय सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारियों ने शिरकत की और आगामी रणनीतियों पर विस्तृत मंथन किया।




