रांची: 65वें सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट के अंडर-17 बालिका वर्ग में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। नई दिल्ली और दिल्ली-NCR में आयोजित प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम ने बिहार को 5-1 से करारी शिकस्त दी। झारखंड का प्रतिनिधित्व संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की टीम कर रही है। टीम झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है। टीम मैनेजर बिंदु कुजूर और कोच बिना केरकेट्टा के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
मनीषा और सबरनी ने दागे दो-दो गोल
बिहार के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में झारखंड की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल अपनाया। मनीषा डुंगडुंग ने टीम के लिए पहला और दूसरा गोल किया। इसके बाद उषा कुमारी ने तीसरा गोल दागकर झारखंड की बढ़त मजबूत कर दी। वहीं सबरनी कुमारी ने चौथा और पांचवां गोल करते हुए टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। पूरे मुकाबले के दौरान झारखंड की खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। आक्रामक रणनीति के साथ खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया और बिहार की टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा।
24 अगस्त को CISCE से सेमीफाइनल
क्वार्टर फाइनल में शानदार जीत के बाद अब झारखंड की टीम का सामना 24 अगस्त को CISCE की टीम से सेमीफाइनल में होगा। टीम की इस शानदार उपलब्धि से झारखंड के खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है। मौके पर मौजूद राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल और जुझारूपन की प्रशंसा करते हुए सेमीफाइनल मुकाबले के लिए भी शुभकामनाएं दीं। बता दें कि 18 से 27 अगस्त 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देश-विदेश की कुल 36 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के मुकाबले नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर स्टेडियम समेत दिल्ली-NCR के विभिन्न मैदानों पर खेले जा रहे हैं।




