रांची: श्रावण शुक्ल हरियाली एकादशी के अवसर पर हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में रविवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। मंदिर के पट सुबह 5 बजे खुलते ही नियमित दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के साथ एकादशी पर बाबा श्याम के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचने लगे। सुबह 5:30 बजे मंगला आरती की गई। इसके बाद मंदिर में पर्दे लगाकर मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा के सानिध्य में बाबा श्री श्याम का विशेष प्रातःकालीन श्रृंगार किया गया। सुबह से ही ‘हारे के सहारे की जय, श्याम प्यारे की जय’ के जयकारों से हरमू रोड गूंजता रहा। श्रद्धालु बाबा श्याम के दरबार में अपनी अर्जी लेकर कतार में खड़े रहे।
मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर को लेकर भक्तों में विशेष आस्था है। श्रद्धालु यहां बाबा के समक्ष अपनी मनोकामना लेकर अर्जी लगाते हैं और सच्चे मन से बाबा का स्मरण करते हैं। प्रातःकालीन श्रृंगार और आरती के बाद ‘जय जय जय खाटू के वासी, जय जय बाबा श्याम’ जैसे भजनों और जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। मंडल के मंत्री विष्णु चौधरी, पंकज गाड़ोदिया, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया और प्रचार मंत्री रोहित अग्रवाल के सानिध्य में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद और फल का वितरण किया गया।
अखंड ज्योति के साथ शुरू हुआ मुख्य कार्यक्रम
हरियाली एकादशी का मुख्य कार्यक्रम रात 9:30 बजे शुरू हुआ। मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल और उनकी पत्नी डोली अग्रवाल ने परिवार के साथ बाबा श्री श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित की। इस अवसर पर बाबा को केसरिया पेड़ा, रबड़ी, मगही पान और फल का भोग अर्पित किया गया। भक्तों की ओर से विभिन्न सेवाएं भी निवेदित की गईं। रबड़ी प्रसाद सेवा अन्नपूर्णा सरावगी, गिरी गोला सेवा मनीष साहू, केसरिया पेड़ा सेवा डॉ. एसएन लाल, प्रसाद सेवा एक श्याम भक्त, मगही पान सेवा सुभाष पोद्दार व रौनक पोद्दार, पंचमेवा सेवा विनय प्रसाद, सुधीर बरनवाल, नवीन पोशाक-बागा सेवा प्रशांत कुमार और पूजा सिंह की ओर से की गई।
देर रात तक गूंजते रहे भजन
मंडल के उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया ने गणेश वंदना के साथ भजन संकीर्तन की शुरुआत की। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा ने गुरुजी और हनुमान जी की वंदना प्रस्तुत की। साकेत ढांढनिया ने रानी सती दादी की वंदना, अनुज मोदी ने भोले बाबा की वंदना तथा विष्णु चौधरी, प्रवीण सिंघानिया और महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बाबा श्याम की वंदना प्रस्तुत कर भक्तों को भावविभोर किया।
देर रात आरती के साथ हरियाली एकादशी का संकीर्तन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़ियां, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, मंत्री पंकज गाड़ोदिया, विष्णु चौधरी, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया, श्याम सुंदर शर्मा सहित मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम की पूरी जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।




