हजारीबाग। श्री राम जानकी मठ, बड़ा अखाड़ा ठाकुरबाड़ी परिसर में आयोजित आठ दिवसीय जनजातीय गौरव उत्सव-2026 के छठे दिन जनजातीय संस्कृति के साथ महिला उद्यमिता भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। उत्सव में विभिन्न राज्यों से पहुंचीं महिला उद्यमियों एवं महिला समूहों की ओर से करीब 70 स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर महिलाओं द्वारा तैयार कपड़े, अचार, हस्तशिल्प, सजावटी सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
छठे दिन पूर्व वित्त राज्य मंत्री सह पूर्व हजारीबाग सांसद जयंत सिन्हा उत्सव स्थल पहुंचे। आयोजन समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर महिला उद्यमियों से उनके उत्पाद, काम और व्यवसाय से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन भी किए।
जयंत सिन्हा ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। हजारीबाग में आयोजित जनजातीय गौरव उत्सव महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय पहल है। ऐसे प्रयास हजारीबाग के लिए मील का पत्थर साबित होंगे और महिलाओं का हौसला बढ़ाने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान जयंत सिन्हा का बिरसा मुंडा जनकल्याण योजना प्रचार अभियान के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर सावंत ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर विशेष स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्कूलों एवं कॉलेजों से जुड़े कलाकारों ने गीत, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। विकास सिन्हा ने ऑर्गन, सूरज दयाल ने पैड, कपिल कुमार ने नाल और सुभाष सेन ने गिटार वादन से प्रस्तुति दी। गायन में समर्थ अग्रवाल, विजय दुबे, सुरभि गुप्ता, पंकज सिन्हा, डॉ. रंजन, बबलू सिन्हा, देवांशु घोष, आरव श्रीवास्तव, हर्षल श्रीवास्तव और आदित्य रानी ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
नृत्य प्रस्तुतियों में निशा कुमारी के एकल नृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। प्रगति सिन्हा एवं श्री मां संगीतमय की समूह नृत्य प्रस्तुति, रिद्धिम कुमारी, पल्लवी कुमारी, रूही कुमारी, बरखा रानी और देवंती कुमारी के एकल नृत्य, नेशनल पब्लिक स्कूल के सामूहिक नृत्य, कविता एवं ईशा के डुएट नृत्य, कलंगाना नृत्य विद्यालय के समूह नृत्य तथा शिव संगीत महाविद्यालय के समूह नृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का मंच संचालन आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट के तरंग ग्रुप के डायरेक्टर अमित गुप्ता एवं ट्रस्ट के सचिव प्रदीप पाठक ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर ज्ञान सागर, पंकज सिन्हा, बद्रीराम मिश्रा, सलीम रजा, शशिकांत सिन्हा, डॉ. गौतम गुप्ता, आकाशदीप, माथुर सहित शहर के कई लोग मौजूद रहे।




