चांडिल:टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर चिलगु के पास शनिवार को एथनॉल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान टैंकर ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त कार में कोई मौजूद नहीं था। इस वजह से दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
चिलगु पुल के निर्माण को लेकर लोगों में नाराजगी
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चिलगु पुल के निर्माण की धीमी गति को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि करीब दो वर्षों से मार्ग वनवे होने के कारण इस स्थान पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ समय में इस मार्ग पर कई हादसे हो चुके हैं। इनमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ दुर्घटनाओं में लोगों की जान भी जा चुकी है। लोगों ने पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने और मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की मांग की है।




