हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार को रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर अचानक लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन और आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।
Read More : झारखंड में बढ़ रहा H1N1 का खतरा, 8 सैंपल में स्वाइन फ्लू की पुष्टि
ट्रैक से हटाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली, जांच में जुटे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाकर रेल परिचालन को सामान्य कराया गया। इस वजह से वंदे भारत एक्सप्रेस करीब आधे घंटे तक मौके पर ही रुकी रही। आधे घंटे बाद ट्रेन को आगे हजारीबाग स्टेशन के लिए रवाना किया गया, जहां रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन का निरीक्षण किया। रेलवे प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची।
तकनीकी खराबी से रुकी रही वंदे भारत
इससे पहले बुधवार को हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत ट्रेन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी। इस वजह से ट्रेन ओडिशा के बिसरा स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक रुकी रही। चक्रधरपुर मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक अबीर मिश्रा ने बताया कि ट्रेन के पहियों से जुड़ी प्रणाली में समस्या आ गई थी। इसके कारण ट्रेन स्टेशन पर 1 घंटे 40 मिनट तक फंसी रही। यात्रियों को उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के चक्रधरपुर मंडल ने दूसरे ‘रेक’ का इंतजाम किया।




