रामगढ़: पतरातू प्रखंड के बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड की स्पंज आयरन फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। फैक्ट्री के पावर प्लांट में धमाके के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में तीन इंजीनियर बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर की पहचान हजारीबाग निवासी तरुण रजवार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए रांची रोड स्थित द हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में रांची निवासी फैक्ट्री के शिफ्ट इंचार्ज 50 वर्षीय संजीव कुमार केसरी, बोकारो के जगेश्वर बिहार निवासी 25 वर्षीय विनीत महतो और गढ़वा निवासी 24 वर्षीय अभिषेक पांडेय शामिल हैं।
बताया गया कि फैक्ट्री के पावर प्लांट साइट में उत्पादन का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक ब्लास्ट हुआ और देखते ही देखते आग फैल गई। घटना के समय रात्रि पाली में काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरातफरी मच गई। जान बचाने के लिए मजदूर इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही देर रात फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए रामगढ़ से चार-पांच दमकल वाहनों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद शनिवार सुबह से स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ फैक्ट्री के मुख्य गेट के सामने जुटने लगी। ग्रामीण मृतकों के आश्रितों को मुआवजा और नौकरी देने की मांग को लेकर फैक्ट्री गेट जाम करने की तैयारी में जुटे हैं। इधर, फैक्ट्री के पावर प्लांट यूनिट के इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने घटना को लेकर प्रबंधन की लापरवाही की बात कही है। उनके अनुसार प्लांट में ओवरहीटिंग के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि तापमान को नियंत्रित रखने के लिए वहां एसी लगाने की मांग बार-बार की गई थी।
हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और प्लांट में तापमान नियंत्रण की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस और फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से घटना की जांच की जा रही है।




