रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा प्रक्रिया को लेकर चल रहा विवाद अब देश की सर्वोच्च अदालत की चौखट पर पहुंच गया है। JPSC परीक्षा में कथित धांधली, अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए मामला सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किया गया है। सुप्रीम कोर्ट परीक्षा की सीबीआई (CBI) से जांच कराने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई करने के लिए तैयार हो गया है।
Read More : अमित शाह बोले- बंगाल में 45 दिन में BSF-SSB को मिली 1,129 एकड़ जमीन
मिली जानकारी के अनुसार मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ सोमवार को इस संवेदनशील और महत्वपूर्ण याचिका पर सुनवाई करेगी। यह याचिका हरीशरण देवगन की ओर से दायर की गई है, जिसमें परीक्षा में हुई धांधली के गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) से जांच कराने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
अभ्यर्थियों की निगाहें सर्वोच्च अदालत के फैसले पर
JPSC परीक्षा से जुड़ी याचिका सुप्रीम कोर्ट में लिस्ट होने के बाद झारखंड के लाखों अभ्यर्थियों और युवाओं में नई उम्मीद जगी है। राज्य के अभ्यर्थियों की निगाहें अब पूरी तरह से सोमवार को होने वाली इस सुनवाई पर टिकी हैं। सोमवार को होने वाली इस सुनवाई के दौरान अदालत के रुख से यह साफ हो सकेगा कि क्या सर्वोच्च अदालत राज्य सरकार या JPSC को नोटिस जारी करेगी या मामले में स्वतंत्र सीबीआई जांच का आदेश देगी।








