खूंटी: जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक यात्री बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना मुरहू पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां रांची जा रही यात्री बस सामने से आ रहे ऑटो को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक से टकराने के बाद बस का अगला हिस्सा दब गया। हादसे के समय बस में यात्री सवार थे, जिसके चलते दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना में बस के खलासी को चोट लगी है। हालांकि, बस में सवार अन्य यात्री बाल-बाल बच गए। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की सूचना है।
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। घायल खलासी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
फिलहाल दुर्घटना में किसी की मौत की सूचना नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।








