रांची: विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर झारखंड फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से ऑड्रे हाउस में आयोजित दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी रमेश सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय और दिनेश सोनी ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ बिहार के फोटो जर्नलिस्टों ने भी भाग लिया है। करीब 200 तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। इनमें झारखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता के साथ खेल, जनजीवन और विभिन्न घटनाओं से जुड़ी तस्वीरें शामिल हैं। खास बात यह है कि झारखंड सरकार के मंत्री, आईपीएस अधिकारी और कई गणमान्य लोगों की कैमरे से खींची गई तस्वीरों को भी प्रदर्शनी में जगह दी गई है।
फोटो जर्नलिस्ट समाज का आईना
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी रमेश सिंह ने कहा कि फोटो जर्नलिस्ट समाज का ऐसा आईना हैं, जो तस्वीरों के माध्यम से पूरी दुनिया के सामने सच्चाई रखने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के फोटो जर्नलिस्ट अपनी तस्वीरों के जरिए राज्य की वास्तविक तस्वीर देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं। पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि पुराने दौर के फोटो जर्नलिस्ट काफी समझ-बूझ और मेहनत से तस्वीरें खींचते थे। मौजूदा समय में तकनीक और एआई के बढ़ते इस्तेमाल के बीच फोटो जर्नलिस्टों के सामने तस्वीरों की विश्वसनीयता और मौलिकता बनाए रखने की चुनौती बढ़ी है। उन्होंने कहा कि युवा फोटो जर्नलिस्टों को तकनीक के साथ फोटोग्राफी की बारीकियों को भी समझने की जरूरत है।
बारिश के बावजूद पहुंचे लोग
ब्लू फेडरेशन के निदेशक पंकज सोनी ने कहा कि इस तरह की फोटो प्रदर्शनी और कार्यशाला नए फोटोग्राफरों के लिए उपयोगी है। इससे उन्हें तस्वीर लेने से पहले जरूरी पहलुओं को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला से उन्हें भी काफी कुछ सीखने को मिला।रांची में सुबह से हो रही लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शनी देखने पहुंचे। मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और फोटो पत्रकारिता से जुड़ी बारीकियों को समझा। दर्शकों ने विभिन्न तस्वीरों की सराहना करते हुए फोटो पत्रकारों के प्रयासों की प्रशंसा की।
झारखंडी थीम पर फैशन शो ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान वामस इंस्टीट्यूट की ओर से झारखंडी थीम पर फैशन शो आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए झारखंड की कला, संस्कृति और परंपरा को मंच पर जीवंत किया। दर्शकों ने फैशन शो को पसंद किया और प्रस्तुतियों की सराहना की। दिनभर रांची के अलावा झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्य लोग प्रदर्शनी देखने पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, बुधवार को प्रदर्शनी के दूसरे दिन फोटो प्रदर्शनी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन शाम पांच बजे होगा। एसोसिएशन ने आम लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचकर फोटो जर्नलिस्टों और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।







