रांची : श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर प्रांगण में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ।
उपाध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण
समारोह के दौरान ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं और नागरिकों ने राष्ट्रगान गाकर देश के अमर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
80 किलो केसरिया खीर का हुआ वितरण
ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच मिठाइयों और टॉफियों का वितरण किया गया। इसके साथ ही विशेष रूप से तैयार 80 किलो केसरिया खीर का प्रसाद भी लोगों के बीच बांटा गया।
समारोह में ‘सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम’ के निराश्रितों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनके लिए विशेष मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे पूरा माहौल आत्मीयता से भर उठा।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर पुंदाग थाना प्रभारी संजीव कुमार, निर्मल कुमार, उपेंद्र कुमार, ट्रस्ट के सचिव मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, मधुसूदन जाजोदिया, सुरेश अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, संजय सर्राफ, दीपेश निराला, सुनील पोद्दार, सुरेश चौधरी, अंजनी अग्रवाल, पवन पोद्दार, पुजारी अरविंद पांडे और ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में ट्रस्ट के सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित थे।







