रांची। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को रांची नगर निगम सभागार में ‘स्वनिधि महोत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाना, उनके व्यवसाय के विस्तार को बढ़ावा देना तथा योजना से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं एवं अवसरों की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में म महापौर श्रीमती रोशनी खलखो एवं उप महापौर नीरज कुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर निगम क्षेत्र के बड़ी संख्या में पीएम स्वनिधि लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण चक्र, समय पर ऋण अदायगी से मिलने वाली ब्याज सब्सिडी, डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन राशि तथा व्यवसाय विस्तार के विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ‘स्वनिधि से समृद्धि’ अभियान के तहत उपलब्ध अन्य सरकारी योजनाओं एवं सामाजिक सुरक्षा लाभों से भी लाभार्थियों को अवगत कराया गया।
महोत्सव का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब रहा जब कई स्ट्रीट वेंडर्स ने मंच से अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से प्राप्त वित्तीय सहायता ने न केवल उनके व्यवसाय को नई गति दी, बल्कि उनकी आय और जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार लाया।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि रांची नगर निगम क्षेत्र में अब तक 14,444 स्ट्रीट वेंडर्स को कुल ₹29.84 करोड़ का ऋण वितरित किया जा चुका है। इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों के बीच माननीय महापौर एवं उप महापौर द्वारा सांकेतिक रूप से ₹15 हजार, ₹25 हजार एवं ₹50 हजार के ऋण स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए गए।
अपने संबोधन महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना स्ट्रीट वेंडर्स के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लाभार्थियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आधुनिक, स्वच्छ एवं व्यवस्थित स्वरूप देने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने वेंडर्स से शहर की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों के सुव्यवस्थित उपयोग में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए रांची को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाने में सहभागी बनने का आग्रह किया।
उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना देश के लाखों छोटे व्यापारियों एवं स्ट्रीट वेंडर्स के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली एक ऐतिहासिक पहल है। यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि सम्मानजनक आजीविका, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम भी बन चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान महापौर एवं उप महापौर ने भविष्य में रांची की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित एवं शहर की सौंदर्यात्मक छवि को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स के बीच आधुनिक, आकर्षक एवं स्वच्छता मानकों से युक्त अत्याधुनिक ठेलों के वितरण की घोषणा भी की। इससे वेंडर्स को बेहतर कार्य वातावरण मिलने के साथ-साथ शहर में व्यवस्थित एवं स्वच्छ व्यवसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में रांची नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त, नगर अभियान प्रबंधक, सामुदायिक संगठनकर्ता, सामुदायिक संसाधन सेविकाएँ सहित बड़ी संख्या में निगम के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




