खूंटी: खूंटी–रांची मुख्य मार्ग पर शनिवार को तजना नदी पुल के समीप फेवरब्लॉक से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक पर सवार तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सदर अस्पताल, खूंटी में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
कार को बचाने के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक टाटीसिल्वे से फेवरब्लॉक लेकर खूंटी की ओर जा रहा था। तजना नदी पुल के पास सामने से आ रही एक कार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया।
दुर्घटना में ट्रक पर सवार प्रकाश, निवारण और रासबिहारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल प्रकाश ने बताया कि कार अचानक सामने आ जाने के कारण चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और हादसा हो गया। हालांकि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल, खूंटी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची के रिम्स रेफर कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।




