कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने ‘सहायक ग्रेड सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा-2025’ के तहत असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (एएसओ) के 341 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 25 जून से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 जुलाई रात 11 बजे तक निर्धारित की गई है।
एसएससी की ओर से जारी रिक्तियों में केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस) के लिए 318 पद और विदेश मंत्रालय (कैडर सेल) के लिए 23 पद शामिल हैं। उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन के बाद हार्ड कॉपी भेजना जरूरी
ऑनलाइन आवेदन सफलतापूर्वक जमा करने के बाद उम्मीदवारों को आवेदन पत्र की प्रिंटेड कॉपी और आवश्यक दस्तावेज डाक के माध्यम से क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी चयन आयोग (उत्तरी क्षेत्र), ब्लॉक नंबर-12, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली-110003 के पते पर भेजने होंगे।
देश के अधिकांश अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज भेजने की अंतिम तिथि 23 जुलाई शाम 6 बजे तक है। वहीं विदेश, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप में रहने वाले अभ्यर्थी 30 जुलाई शाम 6 बजे तक अपने दस्तावेज भेज सकते हैं।
योग्यता और चयन प्रक्रिया
केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस) के एएसओ पद के लिए सेंट्रल सेक्रेटेरिएट क्लेरिकल सर्विस के अपर डिवीजन ग्रेड के ऐसे अधिकारी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने निर्धारित तिथि तक कम से कम छह वर्ष की नियमित सेवा पूरी की हो।
विदेश मंत्रालय (कैडर सेल) के पदों के लिए वही अपर डिविजन क्लर्क पात्र होंगे, जिन्होंने मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरे किए हों और संबंधित ग्रेड में कम से कम छह वर्ष की स्वीकृत सेवा पूरी कर ली हो।
चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), सेवा रिकॉर्ड (एपीएआर) का मूल्यांकन और अंतिम मेरिट सूची शामिल होगी।
इतनी मिलेगी सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये प्रतिमाह के वेतनमान के साथ अन्य सरकारी भत्तों और सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।
एसएससी के अनुसार, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) अगस्त में आयोजित होने की संभावना है। परीक्षा की तिथि, समय और परीक्षा केंद्र से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।



