रांची : झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। इसी सिलसिले में एजेंसी ने उत्पाद विभाग में पूर्व में कार्यरत रहे अमर मेहता को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया। ACB के समक्ष पेश होने पर अधिकारियों ने उनसे कथित घोटाले से जुड़ी प्रशासनिक और वित्तीय प्रक्रियाओं को लेकर विस्तार से पूछताछ की। वर्तमान में अमर मेहता भूमि अभिलेख (लैंड रिकॉर्ड) विभाग में कार्यरत हैं।
Read More : शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में CBI की चार्जशीट, 11 आरोपी नामजद
विभागीय रिकॉर्ड और साक्ष्यों की पड़ताल
ACB की टीम यह जानने का प्रयास कर रही है कि उत्पाद विभाग में अमर मेहता के कार्यकाल के दौरान किन-किन अधिकारियों और प्रक्रियाओं की क्या भूमिका थी। इससे एक दिन पहले गुरुवार को जांच एजेंसी ने मुख्य आरोपी विनय सिंह के भाई अरुण सिंह से भी पूछताछ की थी। अब तक इस मामले में एक दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और एजेंसी वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों व विभागीय रिकॉर्ड के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
आने वाले दिनों में और अधिकारियों पर कस सकता है शिकंजा
सूत्रों के अनुसार, अमर मेहता और अरुण सिंह से मिले इनपुट के आधार पर ACB आने वाले दिनों में उत्पाद विभाग के कई अन्य अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों को भी समन भेज सकती है। जांच एजेंसी का मुख्य उद्देश्य शराब नीति और बिक्री से जुड़े कथित घोटाले की पूरी परतें खोलना है, जिससे आने वाले समय में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।




